जयपुरः मौसम बदलाव को लेकर किसान एक बार फिर चिंतित है राजस्थान में फिर एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे. तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हल्की मावठ रबी फसलों के लिए लाभकारी हो सकती है. लेकिन तेज हवा,ओलावृष्टि होती है तो फसलों को भारी नुकसान भी झेलना पड़ सकता है.
वर्तमान में गेहूं और जौ की फसल है बालियां निकलने की अवस्था में है. ऐसे में हल्की बारिश से मिट्टी में नमी बढ़ेगी,जिससे दाना भराव बेहतर होगा. और तापमान नियंत्रित रहने से फसल के असमय पकने की आशंका भी कम होगी. इससे किसानों को सिंचाई पर होने वाला खर्च भी घटेगा.
दूसरी ओर चना और सरसों की फसलों में इन दिनों फूल आने और फलियां बनने का दौर चल रहा है. खेतों में लंबे समय तक नमी बनी रहने से झुलसा और उकता जैसे रोगों का खतरा बढ़ सकता है. सरसों की फसल में बादल छाए रहने और अधिक नमी के कारण मोयला के प्रकोप की आशंका है.