चलती कार में आग लगने से 5 जने जिंदा जले, वैष्णो देवी से दर्शन कर लौट रहे थे मृतक, दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर हुआ बड़ा हादसा

चलती कार में आग लगने से 5 जने जिंदा जले, वैष्णो देवी से दर्शन कर लौट रहे थे मृतक, दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर हुआ बड़ा हादसा

लक्ष्मणगढ़ (अलवर): एक चलती कार में आग लगने से कार में सवार 5 जने जिंदा जल गए. मामला राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ से यहां दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर मध्यरात्रि बड़ा हादसा हुआ. दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर एक चलती कार में आग लगने से कार में सवार 5 जने जिंदा जल गए और कार चालक गम्भीर रुप से झुलस गया. डीएसपी कैलाश जिंदल ने बताया कि दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि थाना क्षेत्र मौजपुर के समीप पिलर नम्बर 115/300 पर दिल्ली से कोटा की ओर जा रही एक कार में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया. 

कार में सवार लोगों को सम्भलने का मौका ही नही मिला और पूरी कार चंद मिनटों में आग का गोला बन गई. वहीं कार में सवार एमपी के श्योपुर निवासी 3 महिला, एक बच्ची व एक पुरुष सहित 5 जने जिंदा जल गए. वहीं कार चालक एमपी के श्योपुर निवासी विनोद कुमार मेहर ने बड़ी मुश्किल से कार से कूद कर अपनी जान बचाई. हादसे में कार चालक विनोद कुमार मेहर 80 प्रतिशत झुलस गया. 

वहीं राहगिरों की सूचना पर एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंचे. हादसे की सूचना मिलते ही गश्त कर रही लक्ष्मणगढ पुलिस थाने का जाप्ता और एसएचओ नेकीराम मौके पर पहुंचे और दमकल को भी सूचना दी. वहीं दमकल मौके पर पहुंची उससे पहले ही आग ने पूरी कार को कबाड़ में तब्दील कर दिया. इस बीच दो दमकल मौके पर पहुची और कार में लगी आग पर काबू पाया. 

कुछ ही देर में ही डीएसपी कैलाश जिंदल भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. झुलसे कार चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया. वहीं चालक की हालत नाजुक होने पर आगामी इलाज के लिए अलवर रैफर कर दिया. बाद में कार चालक को इलाज के लिए अलवर के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया. सूचना मिलते ही एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. हादसे में झुसले लोगों की अभी पहचान नही हुई है. पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.