VIDEO: आयुक्त की अगुवाई में जयपुर में गूंजेगा स्वच्छता का बिगुल, कल से ‘सफाई सेवा मैराथन-2026’, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: राजधानी जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम एक ऐतिहासिक पहल करने जा रहा है. नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की अगुवाई में कल अब तक का सबसे बड़ा और व्यापक स्वच्छता अभियान “सफाई सेवा मैराथन-2026” आयोजित किया जाएगा. यह विशेष सफाई महाभियान प्रातः 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक लगातार चलेगा, जिसमें नगर निगम की पूरी टीम फील्ड में उतरकर एकजुट होकर कार्य करेगी.

आयुक्त की अगुवाई में जयपुर में गूंजेगा स्वच्छता का बिगुल
कल से ‘सफाई सेवा मैराथन-2026’
सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा ऐतिहासिक महाभियान
आयुक्त सहित निगम की पूरी टीम रहेगी मैदान में
13 जोन के 150 वार्डों में चलेगा सफाई अभियान

इस मेगा अभियान के तहत जयपुर शहर के 13 जोन और 150 वार्डों में एक साथ व्यापक स्तर पर सफाई, कचरा निस्तारण, नालों की सफाई, सड़कें, सार्वजनिक स्थल एवं कॉलोनियों को स्वच्छ बनाने का कार्य किया जाएगा. खास बात यह है कि इस महाभियान की कमान स्वयं नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा संभालेंगे और पूरी प्रशासनिक टीम के साथ ऑन-ग्राउंड मौजूद रहेंगेसफाई सेवा मैराथन-2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से नगर निगम मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता आयुक्त ओम कसेरा ने की. बैठक में अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल, जोन एवं मुख्यालय उपायुक्त, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, सीएसआई (चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. बैठक में अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई. आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई सेवा मैराथन को एक मिशन और जनआंदोलन के रूप में लिया जाए. उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन की सफाई नहीं, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था में स्थायी सुधार की दिशा में एक मजबूत कदम है.

शानदार प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले CSI को 21,000 रुपये
उनकी टीम के प्रत्येक SI को 11,000 रुपये
प्रत्येक जमादार को 1,100 रुपये दिए जाएंगे
द्वितीय स्थान पाने वाले CSI को 11,000 रुपये
उनकी टीम के SI को 5,100 रुपये
प्रत्येक जमादार को 1,100 रुपये मिलेंगे
तृतीय स्थान पर रहने वाले CSI को 5,100 रुपये
उनकी टीम के SI को 2,100 रुपये
प्रत्येक जमादार को 1,100 रुपये प्रदान किए जाएंगे

आयुक्त ने निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जयपुर की साफ-सफाई की जिम्मेदारी हम सभी की है. उन्होंने सफाई कर्मियों के योगदान को शहर की रीढ़ बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया. बैठक में मौजूद सभी सीएसआई ने हाथ उठाकर इस महाभियान को सफल बनाने का संकल्प भी लिया. आयुक्त ने कहा कि “जब पूरी टीम एक लक्ष्य के साथ फील्ड में उतरेगी, तभी ‘स्वच्छ जयपुर, सुंदर जयपुर’ का सपना साकार होगा.”सफाई सेवा मैराथन-2026 को परिणामोन्मुख और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए एक विशेष व्यवस्था की गई है. अभियान के दौरान किए गए कार्यों के आधार पर CSI की रैंकिंग तय की जाएगी. उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएसआई को न सिर्फ सम्मानित किया जाएगा बल्कि उन्हें “स्वच्छता हीरो” और “स्टार ऑफ नगर निगम” की उपाधि भी दी जाएगी. इसके साथ ही प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सीएसआई की फोटो अगले एक माह तक नगर निगम में होर्डिंग के रूप में लगाई जाएगी, ताकि अन्य कर्मचारी भी उनसे प्रेरणा ले सकें. आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि यह अभियान केवल प्रशासनिक स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी. स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, कचरा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई और स्वच्छ आदतों को बढ़ावा दिया जाएगा.

आयुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि सफाई सेवा मैराथन-2026 न केवल शहर की सफाई व्यवस्था को नई गति और दिशा देगा, बल्कि जयपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में एक उदाहरण के रूप में स्थापित करेगा. यह अभियान नगर निगम की प्रतिबद्धता, कर्मचारियों की मेहनत और जनसहयोग का प्रतीक बनेगा.