उत्तराखंड-नेपाल बॉर्डर के पास बड़ा सड़क हादसा, बारातियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 13 बारातियों की मौत, 34 लोग घायल 

उत्तराखंड-नेपाल बॉर्डर के पास बड़ा सड़क हादसा, बारातियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 13 बारातियों की मौत, 34 लोग घायल 

उत्तराखंड: उत्तराखंड-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. नेपाल के बैतडी जिले में, पिथौरागढ़ सीमा के पास बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. 

खबरों के मुताबिक इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. हादसा उस समय हुआ जब बस में सवार लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. पहाड़ी और संकरी सड़क पर अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वह सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. खाई अधिक गहरी होने और दुर्गम इलाके के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.