Election Results 2026: बंगाल में ममता की वापसी या पहली बार भाजपा सरकार ? केरल, तमिलनाडु, असम के नतीजे थोड़ी देर में

Election Results 2026: बंगाल में ममता की वापसी या पहली बार भाजपा सरकार ? केरल, तमिलनाडु, असम के नतीजे थोड़ी देर में

नई दिल्ली: एक केंद्र शासित प्रदेश समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे आएंगे. वोटों की गिनती के साथ ही आज इसे लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी कि जनता ने अगले पांच साल के लिए किस पार्टी या गठबंधन पर भरोसा जताया है. जिन राज्यों में चुनाव के नतीजे आएंगे उनमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी शामिल हैं. 

बंगाल का BOSS कौन ?
पश्चिम बंगाल का BOSS कौन होगा यह बड़ा सवाल बन गया है. ममता की वापसी होगी या पहली बार भाजपा सरकार बनेगी. इस बार ममता चौका लगाएगी या बीजेपी को पहला मौका मिलेगा. ममता बंगाल की सत्ता पर 15 साल से काबिज हैं. ममता बनर्जी की नजरें चौथी बार सरकार में वापसी पर है. वहीं, भाजपा ने पहली बार बंगाल में सरकार बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया है. 293 सीटों पर वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू होगी. पहले डाक मत पत्र गिने जाएंगे, इसके बाद EVM खुलेंगी. एक सीट (फालता) पर 21 मई को री-पोल होना बाकी है. दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव में कुल मतदान हुआ 92.47 प्रतिशत हुआ. पहले चरण में 93.13 प्रतिशत और दूसरे में 91.66 प्रतिशत मतदान हुआ.

तमिलनाडु में कौन होगा 'थलाइवा' ? 
तमिलनाडु में 'थलाइवा' कौन होगा ? DMK की वापसी होगी या AIADMK-BJP कमाल करेंगे ? क्या विजय किंगमेकर बनेंगे या मजबूत विपक्ष के रूप में उभरेंगे ? यह बड़ा प्रश्न बन गया है. कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होगी. 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान हुआ था. सभी 234 सीटों पर कुल 84.93 प्रतिशत वोट पड़े थे. राज्य में कुल 4023 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं. 1952 से अब तक तमिलनाडु में कांग्रेस, DMK, AIADMK की सरकार रही है. 1967 से DMK और AIADMK बारी-बारी से सत्ता में आती रहीं है. 1980 से चुनाव लड़ रही भाजपा यहां सिर्फ 2 बार 4-4 सीटें जीत पाई है.

असम में कौन खाएगा 'पेड़ा' ? 
असम में 'पेड़ा' कौन खाएगा ? भाजपा की नजरें हैट्रिक पर है. वहीं, एक बार फिर सत्ता में वापसी की कांग्रेस बांट जोह रही है. थोड़ी देर में मतगणना शुरू हो जाएगी. 126 विधानसभा सीट पर 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा. सभी 35 जिलों के 40 मतगणना केंद्रों पर EVM खोली जाएंगी. असम की सभी 126 सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान हुआ था. 25 लाख से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया. विधानसभा चुनाव में इस बार कुल मतदान 85.96 प्रतिशत हुआ. असम में सबसे बड़ा मुकाबला हिमंत बिस्वा सरमा और गौरव गोगोई के बीच है. चुनाव में पहचान की राजनीति, विकास और घुसपैठियों से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे हैं.

केरलम में LDF लगाएगा हैट्रिक या कांग्रेस की होगी वापसी? 
केरलम में LDF लगाएगा हैट्रिक या कांग्रेस की वापसी होगी? 1956 में केरलम के गठन के बाद से 6 मुख्यमंत्री लेफ्ट से रह चुके हैं. 4 सीएम कांग्रेस के बने, जिन्होंने 28 साल सरकार चलाई. पिनाराई विजयन यहां लगातार 2 बार सीएम बनने वाले इकलौते राजनेता हैं. केरल की 140 सीटों पर इस बार 78.27% वोटिंग हुई. केरलम में इस बार के चुनाव में पुरुषों की तुलना में 5% ज्यादा महिलाओं ने वोटिंग की. LDF ने 2021 में 140 में से 99 सीटें जीती थी. UDF ने 41 सीटें जीती थी वहीं भाजपा खाता भी नहीं खुला था.

पुडुचेरी में कौन मारेगा बाजी ? 
पुडुचेरी में कौन मारेगा बाजी ? NDA या INDIA किसको मिलेगी सत्ता की कमान ? पुडुचेरी में इस बार 89.87 प्रतिशत रिकॉर्ड वोटिंग हुई. यहां पर 30 सीटों के लिए 294 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं. पुडुचेरी में सत्तारूढ़ NDA और कांग्रेस की अगुवाई वाले विपक्षी गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है. NDA में यहां पर एआईएनआरसी, भाजपा, अन्नाद्रमुक और एलजेके शामिल हैं. वहीं, इंडिया गठबंधन में कांग्रेस, द्रमुक और वीसीके हैं. केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 6 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं. पुडुचेरी देश की सबसे कम विधानसभा सीटों वाला राज्य है.