जयपुर: ज्योतिष शास्त्र में बुध ग्रह को एक शुभ ग्रह माना जाता है. बुध ग्रह मिथुन एवं कन्या राशि के स्वामी हैं. बुध ग्रह सूर्य और शुक्र के साथ मित्र भाव से तथा चंद्रमा से शत्रुतापूर्ण और अन्य ग्रहों के प्रति तटस्थ रहता है. वैदिक ज्योतिष में बुध देव को वाणी, बुद्धि और व्यापार का दाता कहा जाता है. मान्यता है जिन लोगों की कुंडली में बुध देव की स्थिति सकारात्मक होती है. बुध ग्रह कि शुभ स्थिति जातक को व्यवहारिक, वाक्पटु बनती है जो उनके जीवन में अच्छे परिणाम लेकर आते हैं. पाल बालाजी ज्योतिष संस्थान जयपुर जोधपुर के निदेशक ज्योतिषाचार्य डा. अनीष व्यास ने बताया कि बुध ग्रह 15 सितंबर को कन्या राशि में गोचर करेंगे. अब ये ग्रह अपनी उच्च राशि में रहेगा. इस कारण शेयर बाजार में स्थिरता के साथ-साथ मंहगाई पर भी रोक लगेगी. अपनी ही राशि में होने से इस ग्रह के शुभ प्रभाव से एजुकेशन से जुड़ी परेशानियां खत्म होने लगेंगी. वहीं, वकालात और मीडिया से जुड़े लोगों के लिए अच्छा समय शुरू हो जाएगा.
ज्योतिषाचार्य डा. अनीष व्यास ने बताया कि ग्रहों में युवराज कहे जाने वाले बुध 15 सितंबर की सुबह 11:07 मिनट पर सिंह राशि की यात्रा समाप्त करके अपनी स्वयं की कन्या राशि में गोचर करेंगे. जहां ये 2 अक्टूबर तक गोचर करेंगे उसके बाद तुला राशि में चले जाएंगे. इनके राशि परिवर्तन का युवाओं, बैंकिंग सेक्टर्स तथा थोक व्यापार पर सर्वाधिक प्रभाव पड़ता है. बुध ग्रह मिथुन और कन्या राशि का स्वामी है. बुध सूर्य का निकटतम ग्रह है. बुध ग्रह को बुद्धि का प्रदाता कहा गया है. बुध ग्रह के लक्षण की बात करें तो यह व्यक्ति में बुद्धि, विवेक, हाज़िर जवाबी और हास्य–विनोद का प्रतिनिधित्व करता है. यह एक शुभ ग्रह है लेकिन कुछ स्थितियों में बुध अशुभ ग्रह में बदल सकता है. बुध कम्युनिकेशन का ग्रह है. बुध ग्रह के अधिदेवता भगवान विष्णु हैं. बुध व्यापार के देवता तथा व्यापारियों के रक्षक हैं. बुध चन्द्र और तारा के पुत्र है. बुध सौरमंडल के ग्रहों में सबसे छोटा और सूर्य से निकटतम है. बुध के हाथों में तलवार, ढाल, गदा तथा वरमुद्रा धारण की हुई है.
असर
भविष्यवक्ता और कुण्डली विश्ल़ेषक डा. अनीष व्यास ने बताया कि बुध के राशि परिवर्तन से लोगों में रचनात्मकता बढ़ेगी. बिजनेस करने वाले लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा. बड़े देशों के बीच इंपोर्ट-एक्सपोर्ट बढ़ेगा. बड़े एग्रीमेंट या बिजनेस समझौते होने के योग बन रहे हैं. अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लेन-देन बढ़ेगा. कुछ देशों की करंसी मजबूत होगी. कुछ बड़े देश नई व्यापारिक रणनीति पर काम शुरू कर सकते हैं. बुध के प्रभाव से शेयर बाजार में स्थिरता के साथ-साथ खाद्यान्न वस्तुओं के भाव में स्थिरता एवं मूल्य वृद्धि रुकेगी. विद्यार्थियों के लिए यह समय शिक्षा ग्रहण के लिए श्रेष्ठ रहेगा. शिक्षा से संबंधित मंत्री या कुलपति शिक्षा से संबंधित खामियों को दूर करने का अथक प्रयास करेंगे. मौसम में भी सुखद बदलाव होगा. सेहत के नजरिये से लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा. दूध का उत्पादन बढ़ने के साथ सब्जियों की पैदावार ज्यादा होने से किसानों को फायदा होगा. औद्योगिक क्षेत्र में भी ज्यादा उत्पादन होने से भाव में स्थिरता आने से लोगों को फायदा होगा. प्राप्त होगा.
बुध के उपाय
कुण्डली विश्ल़ेषक डा. अनीष व्यास ने बताया कि बुध से पीड़ित व्यक्ति को मां दुर्गा की आराधना करनी चाहिए. बुधवार के दिन गाय को हरा चारा खिलाना चाहिए और साबूत हरे मूंग का दान करना चाहिए. बुधवार के दिन गणपति को सिंदुर चढ़ाएं. बुधवार के दिन गणेश जी को दूर्वा चढ़ाएं. दूर्वा की 11 या 21 गांठ चढ़ाने से फल जल्दी मिलता है. पालक का दान करे. बुधवार को कन्या पूजा करके हरी वस्तुओं का दान करे.
आइए भविष्यवक्ता और कुण्डली विश्ल़ेषक डा.अनीष व्यास से जानते हैं बुध के इस गोचर का सभी 12 राशियों पर शुभ-अशुभ प्रभाव.
मेष राशि
यात्रा देशाटन का लाभ मिलेगा. लिए गए निर्णय और किए गए कार्यों की सराहना होगी. विद्यार्थी वर्ग विदेश में पढ़ाई करने के लिए जाने का प्रयास कर रहे हों तो उस दृष्टि से ग्रह-गोचर और अनुकूल रहेगा षड्यंत्र से बचें.
वृषभ राशि
संतान के दायित्व की पूर्ति होगी. प्रेम संबंधी मामलों में प्रगाढ़ता आएगी. यहां तक कि प्रेम विवाह भी करना चाह रहे हों तो ग्रह गोचर अनुकूल रहेगा. इस अवधि के मध्य ट्रेडिंग के व्यापार में अत्यधिक सफल रहेंगे. सरकारी विभागों में प्रात्यक्षिक पड़े कार्यों का निपटारा होगा.
मिथुन राशि
मित्रों तथा संबंधियों से सुखद समाचार प्राप्ति के योग. इस अवधि के मध्य किसी नए अनुबंध पर हस्ताक्षर करना चाह रहे हों अथवा नया व्यापार आरंभ करना चाह रहे हों तो उस दृष्टि से भी समय अति अनुकूल रहेगा.
कर्क राशि
धर्म और आध्यात्म के प्रति रुचि बढ़ेगी. धार्मिक ट्रस्टों तथा अनाथालय आदि में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे और दान पुण्य भी करेंगे. चुनाव संबंधी कोई निर्णय लेना चाह रहे हों तो उस दृष्टि से भी समय अनुकूल रहेगा.
सिंह राशि
अपनी वाणी कुशलता के बलपर कठिन से कठिन हालात को भी आसानी से नियंत्रित कर लेंगे. स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतें. कार्यक्षेत्र में षड्यंत्र का शिकार होने से बचें. अपनी योजनाओं को गोपनीय रखते हुए कार्य करेंगे तो अधिक सफल रहेंगे. नए मेहमान के आगमन से माहौल खुशनुमा रहेगा.
कन्या राशि
शासन सत्ता का पूर्ण सहयोग मिलेगा. उच्चाधिकारियों से भी संबंध मजबूत होंगे. सामाजिक पद प्रतिष्ठा बढ़ेगी. कोई भी चुनाव लड़ने का प्रयास कर रहे हों तो बेहतर अवसर रहेगा. विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए भी समय अनुकूल रहेगा.
तुला राशि
धार्मिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे और दान पुण्य भी करेंगे. तीर्थयात्रा का भी संयोग बना रहा है. इस अवधि के मध्य किसी को भी अधिक कर्ज देने से बचें. झगडे-विवाद भी दूर रहें. कोर्ट-कचहरी से संबंधित मामले बाहर ही सुलझाएं.
वृश्चिक राशि
केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में प्रतीक्षित पड़े कार्यों का निपटारा होगा. संतान के दायित्व की पूर्ति होगी. नव दंपति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के भी योग. विद्यार्थी वर्ग विदेश में पढ़ाई करने के लिए जाने का प्रयास करना चाह रहे हों तो यह अवसर बेहतरीन रहेगा.
धनु राशि
माता-पिता के स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें. किसी भी तरह के सरकारी टेंडर के लिए आवेदन करना चाह रहे हों तो अवसर अच्छा है. जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों का निपटारा होगा. वाहन का क्रय कर सकते हैं.
मकर राशि
धर्म और आध्यात्म के प्रति रुचि बढ़ेगी. धार्मिक ट्रस्टों तथा अनाथालय आदि में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और दान पुण्य करेंगे. परिवार में मांगलिक कार्यों का शुभ अवसर आएगा. विवाह संबंधी वार्ता सफल रहेगी. नवदंपति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के भी योग.
कुंभ राशि
कार्यक्षेत्र में भी कहीं न कहीं षड्यंत्र का शिकार हो सकते हैं. लोग आपको नीचा दिखाने का एक भी अवसर नहीं जाने देंगे. रणनीतियों तथा योजनाओं को तब तक गोपनीय रखें जब तक कि उसे पूर्ण न कर लें. तमाम विषमताओं के बावजूद सामाजिक सम्मान अथवा पुरस्कार की घोषणा हो सकती है.
मीन राशि
विवाह कार्य में आ रही बाधा दूर होगी. ससुराल पक्ष से रिश्ते मधुर बनेंगे. साझा व्यापार करने से बचें. केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में किसी भी तरह के सरकारी टेंडर के लिए आवेदन करना हों तो अवसर उत्तम है. वाहन का क्रय कर सकते हैं योग अच्छा है.