नवीन आपराधिक कानूनों को लेकर लगाई गई 8 दिवसीय प्रदर्शनी का समापन, सोशल मीडिया पर प्रदर्शनी को 16.7 मिलियन व्यूज, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः सीतापुरा के JECC में आयोजित नवीन आपराधिक  कानूनों को लेकर लगाई गई 8 दिवसीय प्रदर्शनी का समापन हुआ , समापन समारोह में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म मुख्य अतिथि रहे. जेईसीसी, सीतापुरा में आयोजित ‘नव विधान–न्याय की पहचान’ प्रदर्शनी ने सहभागिता और नवाचार का नया कीर्तिमान स्थापित किया. देश में लागू हुए तीन नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम — की जनसमझ को आधुनिक पुलिस तकनीक और डिजिटल नवाचारों के माध्यम से आम जनता तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में भौतिक और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से 1.67 करोड़ से अधिक लोगों की सहभागिता दर्ज की गई.

13 अक्टूबर को प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने किया था. उद्घाटन समारोह में 15,000 से अधिक लोग भौतिक रूप से और 1.25 लाख लोग ऑनलाइन माध्यम से जुड़े.आठ दिनों तक चली मुख्य प्रदर्शनी (14 से 21 अक्टूबर) में 58 हजार से अधिक लोगों ने व्यक्तिगत रूप से अवलोकन किया. इनमें 14,000 शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि, 13,200 व्यावसायिक और सोशल समूह, 2,700 सीएलजी/सुरक्षा सखी सदस्य तथा 11,800 पुलिसकर्मी शामिल रहे.इस अवसर पर 22 उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश, 140 एपीपी/वकील, 170 डॉक्टर और 550 विशेष अतिथि भी प्रदर्शनी के साक्षी बने. 

समापन समारोह में मुख्य अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने प्रदर्शनी की तारीफ़ करते हुए कहा कि नवीन आपराधिक कानूनों से आम लोगों को जल्दी न्याय मिलना सुनिश्चित हुआ है , समारोह में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इस प्रदर्शनी का समापन जरूर हो रहा है लेकिन राजस्थान पुलिस इन कानूनों को लाने के पीछे जो मंशा है उसे पूरा करने के लिए काम करेगी ,‘नव विधान–न्याय की पहचान’ प्रदर्शनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी धमाकेदार उपस्थिति दर्ज कराई. विभिन्न सोशल मीडिया हैंडल्स से की गई 200 पोस्टों को कुल 16.7 मिलियन (1.67 करोड़) व्यूज प्राप्त हुए. इनमें इंस्टाग्राम पर 7 मिलियन, फेसबुक पर 5.2 मिलियन, एक्स (ट्विटर) पर 2.8 मिलियन और यूट्यूब पर 1.7 मिलियन व्यूज शामिल रहे — जो इस प्रदर्शनी की व्यापक जनपहुंच और लोकप्रियता का प्रमाण हैं. प्रदर्शनी में आधुनिक पुलिस तकनीक और सिमुलेशन अनुभवों ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया. फायरिंग सिमुलेटर पर लगभग 16,000 आगंतुकों ने अभ्यास किया, जबकि वाहन सिमुलेटर का अनुभव 8,000 लोगों ने लिया. इसके साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित क्विज प्रतियोगिता में 18,000 प्रतिभागियों ने भाग लेकर न्यायिक जागरूकता और कानून की समझ को मज़बूत करने का संदेश दिया.