जयपुर: राजस्थान में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच राहत भरी खबर मिल रही है. मौसम विभाग ने कहा कि आज शाम से पूर्वी हवाएं चलेंगी. पश्चिमी राजस्थान को छोड़कर अन्य जिलों में राहत की संभावना है. दो दिन बाद प्रदेश के कुछ जिलों में मौसम का मिजाज बदलेगा. 27-29 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है.
भरतपुर,जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में बारिश की संभावना है. आपको बता दें कि मौसम से जुड़ी ताजा अपडेट सामने आई है. राजस्थान में अब गर्मी जोर दिखा रही है. 7 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा. बाड़मेर-जैसलमेर में तापमान 43 डिग्री से ऊपर बना हुआ.
पश्चिमी राजस्थान में कई सालों की गर्मी का रिकॉर्ड टूट गया है. आपको बता दें कि राजस्थान में लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड तोड़ गर्मी है. राजस्थान में सितंबर में गर्मी का 15 साल का रिकॉर्ड टूटा है. बाड़मेर में 43.6 डिग्री, जैसलमेर में 43.2 डिग्री तापमान है. पिछले 15 साल में सितंबर में बाड़मेर, जैसलमेर का सबसे ज्यादा तापमान है.
वहीं जोधपुर में 41.7 डिग्री के साथ 10 साल की सर्वाधिक गर्मी दर्ज की गई है. बीकानेर, चूरू और नागौर में भी तापमान 40 डिग्री के पार है. पश्चिमी राजस्थान में गर्म हवाओं से दिन की तपिश बढ़ी है. राज्य में अगले दो-तीन दिन इसी तरह गर्मी रहने का अनुमान है. अगले सप्ताह पूर्वी राजस्थान में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है.