VIDEO: नितिन नवीन को राजस्थान बीजेपी का जीत का तोहफा, दादिया से बीजेपी ने पंचायत चुनाव का किया शंखनाद, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को राजस्थान की बीजेपी ने 10 में से 9 नगर निगमों में जीत का तोहफा दिया. नितिन नवीन जयपुर से ये सुखद चुनावी जीत का उपहार लेकर दिल्ली लौटेंगे.दादिया की सभा में नितिन नवीन ने निकाय चुनावों की सफलता पर राजस्थान बीजेपी को बधाई दी साथ ही पंचायत चुनावों का शंखनाद किया. सीएम भजन लाल शर्मा के नेतृत्व की प्रशंसा की.अपने संबोधन में राहुल गांधी को निशाने पर लिया. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जैसे ही दादिया की सभा में पहुंचे थे वैसे ही उन्हें कोटा,जयपुर और जोधपुर में बीजेपी के मेयर चुने जाने के समाचार प्राप्त हुए सीएम भजन लाल शर्मा ने उन्हें जानकारी दी.

राजस्थान बीजेपी को निकाय चुनाव में मिले ऐतिहासिक जनादेश पर बधाई दी. नितिन नबीन ने हालिया निकाय चुनाव के परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को कई निकायों में सफलता मिली है, लेकिन उन्होंने जनप्रतिनिधियों को आगाह करते हुए कहा कि इस सफलता को केवल जीत के तौर पर नहीं देखना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह जनता की ओर से मिला एक अवसर है, जिसके जरिए जनप्रतिनिधि लोगों के जीवन में बदलाव ला सकते हैं.सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने नियम बनाकर काम किया है, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में किस तरह के फैसले हुए, उसे भी जनता जानती है. उन्होंने कहा कि राजस्थान में अब मनमानी नहीं चलेगी, कानून और संविधान के अनुसार शासन होगा.


बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राहुल गांधी के उस सवाल का जवाब दिया.जिसमें वे भाजपा की सरकारों के लगातार सत्ता में लौटने को लेकर सवाल उठाते रहे हैं.नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की सरकारों के प्रति जनता का भरोसा किसी चुनावी गणित से नहीं, बल्कि सेवा और योजनाओं के जरिए लोगों के जीवन में आए बदलाव से बना है. मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी कांग्रेस को जम कर निशाने पर लिया. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष की जयपुर यात्रा का महत्व बताया.

पंचायत चुनाव के मद्देनजर दादिया से प्रचार रथ रवाना किए गए.बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम भजनलाल शर्मा ने 90 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.भगवा रंग में रंगे रथों के जरिए मोदी और भजन लाल सरकार की उपलब्धियां गांव तक पहुंचाई जाएगी.मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ‘आलू से सोना’ वाले पुराने राजनीतिक तंज का जिक्र किया.बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम भजनलाल शर्मा ने विभिन्न जिलों को 2636 करोड़ रुपए के 929 विकास कार्यों की सौगात दी, साथ ही, विभिन्न योजनाओं के 36 लाख लाभार्थियों के खातों में 400 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की.