जयपुर : राजस्थान में प्रचंड गर्मी का प्रकोप है. लू ने भी प्रदेश को अपने चपेट में ले लिया है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में 42 से 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. रविवार को बाड़मेर में सर्वाधिक 46.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. जैसलमेर में 46 डिग्री, कोटा-चित्तौड़गढ़ में 45.2 डिग्री तापमान रहा.
जयपुर में भी कल दिन का तापमान 42.7 डिग्री रहा. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कुछ भागों में हीटवेव का असर 48 घंटे तक रहेगा. आज के लिए विभाग ने 21 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. कमजोर पश्चिमी विक्षोभ से 30 अप्रैल तक शेखावाटी क्षेत्र में धूलभरी हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना है.
वहीं जोधपुर में भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. तपती धूप और गर्म हवाओं के साथ चल रही लू के थपेड़ों ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है. हालात ऐसे हैं कि दिनभर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और बाजारों में भी रौनक गायब नजर आ रही है. प्रशासन द्वारा लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है, वहीं अस्पतालों में भी हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है.