रिटायर्ड मेजर जनरल आलोक राज बने कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष, सितंबर-अक्टूबर में प्रस्तावित 8 भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने की जिम्मेदारी

जयपुर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा के कार्यकाल खत्म होने से दो महीने पहले इस्तीफा देने के बाद रिटायर्ड मेजर जनरल आलोक राज को नियुक्ति दी गई है. सरकार ने देर रात इसके आदेश जारी कर दिए हैं. 

सितंबर-अक्टूबर में सूचना सहायक, कनिष्ठ लेखाकार और सहसील राजस्व लेखाकार भर्ती, संविदा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, संविदा नर्सेज भर्ती, संगणक भर्ती, पर्यवेक्षक भर्ती, कृषि पर्यवेक्षक भर्ती, सुपरवाइज की भर्तियां होनी है. ऐसे में बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष आलोक राज पर आगामी भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने की अहम जिम्मेदारी रहेगी. 

  

आलोक राज भारतीय सेना में 37 वर्ष से अधिक समय तक सेवाएं दे चुके हैं. जून 1983 में सिख लाइट इन्फैंट्री की पहली बटालियन में कमीशन हुए थे. इसके साथ ही UN सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में अँगोला में विदेशी मिशन के साथ काम किया. आपको बता दें कि इससे पहले 23 जुलाई को हरिप्रसाद शर्मा ने कर्मचारी चयन बोर्ड का अध्यक्ष पद छोड़ा था. 

सितंबर-अक्टूबर में प्रस्तावित हैं ये 8 भर्ती परीक्षाएं:-
1. सूचना सहायक भर्ती - 9 सितंबर
2. कनिष्ठ लेखाकार और तहसील राजस्व लेखाकार भर्ती - 17 सितंबर
3. संविदा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता भर्ती - 24 सितंबर (पहली पारी)
4. संविदा नर्सेज भर्ती - 24 सितंबर (दूसरी पारी)
5. संगणक भर्ती - 14 अक्टूबर (पहली पारी)
6. पर्यवेक्षक भर्ती - 14 अक्टूबर (दूसरी पारी)
7. कृषि पर्यवेक्षक भर्ती - 21 अक्टूबर (पहली पारी)
8. सुपरवाइजर भर्ती - 21 अक्टूबर (दूसरी पारी)