अयोध्या: रामनवमी पर अयोध्या में रामभक्तों का हुजूम उमड़ा है. लाखों की संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं. सुबह से अब तक लगभग 11 लाख श्रद्धालुओं ने राम मंदिर में श्रीराम के दर्शन किए हैं. श्रद्धालुओं के सैलाब में युवाओं की संख्या सबसे ज़्यादा हैं. उत्तर प्रदेश में पर्व-त्योहार सांस्कृतिक पुनर्जागरण की नई परिभाषा लिख रहे है.
बता दें कि आज अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के माथे पर सूर्य तिलक लगाया गया. सूर्य की किरणों से रामलला का अभिषेक किया गया. दोपहर ठीक 12 बजे सूर्य की किरणें राम लला की मूर्ति के माथे पर पड़ी, जिससे एक दिव्य तिलक बना. भगवान राम का यह दूसरा सूर्य तिलक है, जिसमें करीब 4 मिनट तक सूर्य की नीली किरणें उनके ललाट पर पड़ती रहीं.
इस अलौकिक दृश्य को साकार करने के लिए बेंगलुरु के वैज्ञानिकों ने विशेष उपकरणों का निर्माण किया था. इस अलौकिक क्षण में भगवान के प्राकट्य की आरती हुई. सूर्य तिलक के साथ-साथ रामलला का अभिषेक, श्रृंगार और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण किया गया. ताकि देश-दुनिया के भक्त इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन सकें.