Republic Day: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति मुर्मू का संबोधन; राम मंदिर, एशियाई खेलों का किया जिक्र

नई दिल्लीः 75वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने राष्ट्र के नाम संबोधन दिया. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि लोकतांत्रित अवधारणा काफी पुरानी है. देश को नई ऊंचाई पर ले जाने का मौका है. हर व्यक्ति का देश के लिए दायित्व है. कर्पूरी ठाकुर का जीवन एक संदेश है. अयोध्या राम मंदिर (Ayodhya Ram Temple) जन-जन की आस्था है.  गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने अंतर-राष्ट्रीय मंचों पर भारत का मान बढ़ाया है. गत वर्ष आयोजित एशियाई खेलों में हमने 107 पदकों के नए कीर्तिमान के साथ इतिहास रचा और एशियाई पैरा खेलों में हमने 111 पदक जीते. यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि महिलाएं हमारी पदक-तालिका में बहुत प्रभावशाली योगदान दे रही हैं. हमारे श्रेष्ठ खिलाड़ियों की सफलता से बच्चों को विभिन्न खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरणा मिली है, जिससे उनका आत्मविश्वास बहुत बढ़ा है. मुझे विश्वास है कि नए आत्मविश्वास से भरपूर हमारे खिलाड़ी, आगामी पेरिस ओलिंपिक में और भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे. 

आज का भारत बढ़ रहा है आत्मविश्वास के साथ आगे:

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने कहा कि आज का भारत, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है. सुदृढ़ और स्वस्थ अर्थव्यवस्था इस आत्मविश्वास का कारण भी है और परिणाम भी. हाल के वर्षों में सकल घरेलू उत्पाद की हमारी वृद्धि दर, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक रही है.ठोस आकलन के आधार पर हमें पूरा विश्वास है कि यह असाधारण प्रदर्शन, वर्ष 2024 और उसके बाद भी जारी रहेगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने कहा कि इसी अवधि में भारत, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के क्षेत्र पर उतरने वाला पहला देश बना. चंद्रयान-3 के बाद इसरो ने एक सौर मिशन भी शुरू किया. हाल ही में आदित्य एल1 को सफलतापूर्वक ‘हेलो ऑर्बिट’ में स्थापित किया गया है.

वर्ष 2024 के दौरान अन्य कई अंतरिक्ष अभियानों की योजना बनाई:

भारत ने अपने पहले एक्स-रे पोलारिमीटर उपग्रह, जिसे एक्सपोसैट कहा जाता है, इसके प्रक्षेपण के साथ नए साल की शुरुआत की है. यह सैटेलाइट, अंतरिक्ष के ‘ब्लैक होल’ जैसे रहस्यों का अध्ययन करेगा. वर्ष 2024 के दौरान अन्य कई अंतरिक्ष अभियानों की योजना बनाई गई है. यह प्रसन्नता का विषय है कि भारत की अंतरिक्ष यात्रा में अनेक नई उपलब्धियां हासिल की जाने वाली हैं. इसरो के कार्यक्रम के प्रति देशवासियों मेंजो उत्साह दिखाई देता है उससे नई आशाओं का संचार हो रहा है. अन्तरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई उपलब्धियों ने, युवा पीढ़ी की कल्पना शक्ति को नए पंख दिए हैं.  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने कहा कि जब संसद ने ऐतिहासिक महिला आरक्षण विधेयक पारित किया तो हमारा देश, स्त्री-पुरुष समानता के आदर्श की ओर आगे बढ़ा. मेरा मानना है कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’, महिला सशक्तीकरण का एक क्रांतिकारी माध्यम सिद्ध होगा. इससे हमारे शासन की प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने में भी बहुत सहायता मिलेगी. जब सामूहिक महत्व के मुद्दों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, तब हमारी प्रशासनिक प्राथमिकताओं का जनता की आवश्यकताओं के साथ बेहतर सामंजस्य बनेगा.