रीको ने तोड़े विकास के सारे रिकॉर्ड ! औद्योगिक विकास में राजस्थान की बड़ी छलांग, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) ने वर्ष 2025-26 में अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं. एक ही वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. जमीन अधिग्रहण से लेकर प्लॉट आवंटन, भूमि विक्रय और राजस्व संग्रह तक, हर क्षेत्र में रीको ने शानदार प्रगति दर्ज की है. 

रीको ने जिस गति से औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाया है, वह प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में सबसे अधिक 21 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए गए, जो पिछले वर्षों की तुलना में सर्वाधिक हैं. इससे पहले 2022-23 में 18 और 2023-24 में 14 औद्योगिक क्षेत्र शुरू किए गए थे.जमीन अधिग्रहण के क्षेत्र में भी 2025-26 ऐतिहासिक रहा. इस वर्ष 10,440 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया, जिसकी कुल कीमत 1586 करोड़ रुपये रही. यह आंकड़ा पिछले वर्षों के मुकाबले कई गुना अधिक है. उदाहरण के तौर पर 2021-22 में 3890 एकड़ और 2022-23 में 2567 एकड़ भूमि ही अधिग्रहित की गई थी. प्लॉट आवंटन में भी रीको ने बड़ी छलांग लगाई है. 2025-26 में 2072 प्लॉट आवंटित किए गए, जो 1504 एकड़ क्षेत्र में फैले हैं. इससे पहले 2023-24 में 1784 और 2024-25 में 880 प्लॉट ही आवंटित किए गए थे. यह वृद्धि औद्योगिक निवेश की बढ़ती मांग को दर्शाती है. भूमि विक्रय के मामले में भी रीको ने नया रिकॉर्ड बनाया. वर्ष 2025-26 में 1504 एकड़ भूमि बेचकर 3678 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया. यह आंकड़ा पिछले वर्षों की तुलना में सबसे अधिक है. 2023-24 में 1608 करोड़ और 2024-25 में 1463 करोड़ रुपये का ही राजस्व प्राप्त हुआ था.    

राजस्व प्राप्तियों के आंकड़े भी रीको की सफलता की कहानी बयां करते हैं. वर्ष 2025-26 में कुल 3002 करोड़ रुपये की प्राप्ति दर्ज की गई, जिसमें 2526 करोड़ रुपये भूमि विक्रय से, 411 करोड़ रुपये अन्य स्रोतों से और 65 करोड़ रुपये टर्म लोन के रूप में प्राप्त हुए. इससे पहले 2023-24 में कुल प्राप्ति 2172 करोड़ और 2024-25 में 1910 करोड़ रुपये रही थी. खर्च के मामले में भी 2025-26 में 2462 करोड़ रुपये व्यय किए गए, जो विकास कार्यों में तेजी को दर्शाता है. यह निवेश राज्य में औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.रीको की यह उपलब्धि न केवल औद्योगिक विकास को गति देगी, बल्कि रोजगार सृजन और निवेश आकर्षित करने में भी अहम भूमिका निभाएगी. एक ही वर्ष में इतने बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण, औद्योगिक क्षेत्र विकास और राजस्व वृद्धि यह संकेत देती है कि राजस्थान उद्योग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. कुल मिलाकर, वर्ष 2025-26 रीको के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ है, जिसने न केवल अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए भी नई दिशा तय कर दी है