कोलकाता: सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे. आज भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु के नाम पर मुहर लगी. कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में पर्यवेक्षक अमित शाह की मौजूदगी में बैठक हुई. गृह मंत्री अमित शाह ने पर्यवेक्षक के रूप में सुवेंदु के नाम का ऐलान किया.
शाह ने सुवेंदु अधिकारी को कमल के फूलों की माला पहनाकर बधाई दी. सुवेंदु अधिकारी ने राजभवन जाकर नई सरकार के गठन का दावा पेश किया. कल सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. अमित शाह ने बंगाल में प्रचंड जीत को बड़ी उपलब्धि करार देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में हमारे बीजेपी के 321 कार्यकर्ताओं ने जान गंवाई.
इस बार जिस तरह का बंगाल में अपार जनसमर्थन मिला, उसके लिए शब्द नहीं है. 23 जिलों में से 20 जिलों में बीजेपी नंबर एक पर रही,झारग्राम सभी सीटें बीजेपी, बांकुरा, दार्जिलिंग सभी सीटें बीजेपी के पास आई. अमित शाह ने भवानीपुर की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि सुवेंदु ने ममता बनर्जी को पहले नंदीग्राम में हराया और उसके बाद भवानीपुर में हराया.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. 207 सीट जीतकर बीजेपी जीत का परचम लहराया था. सुवेंदु अधिकारी के हाथों ममता बनर्जी को हार का सामना करना पड़ा. टीएमसी को 80 सीटें मिली है. जबकि 6 सीटों पर अन्य ने जीत दर्ज की. आपको बता दें कि 4 मई को बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आये थे. यहां पर 294 सीटों पर विधानसभा चुनाव हुए थे.