नई दिल्ली: गत दिनों लगातार नई ऊंचाइयों को छूने वाली सोना-चांदी की कीमतों में अब बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. 29 जनवरी को ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचने के बाद महज 16 दिनों के भीतर दोनों की कीमतों में तेज नरमी देखने को मिली है. जानकारी के मुताबिक , सोने की कीमतों में करीब 24 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है, जबकि चांदी लगभग 1.47 लाख रुपए प्रति किलो सस्ती हो चुकी है.
प्रतिशत के लिहाज से देखें तो सोने की कीमत में लगभग 13.20 फीसदी और चांदी में करीब 36.75 फीसदी की कमी दर्ज की गई है. विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में दामों में आई कमजोरी, डॉलर में मजबूती और मुनाफावसूली के चलते घरेलू बाजार में भी सोना-चांदी सस्ते हुए हैं. इसके अलावा वैश्विक आर्थिक संकेतकों में सुधार और निवेशकों की जोखिम लेने की बढ़ती प्रवृत्ति का भी असर कीमती धातुओं पर पड़ा है.
29 जनवरी को सोना-चांदी ने अपने अब तक के उच्चतम स्तर को छुआ था, जिसके बाद निवेशकों में उत्साह देखा गया था. हालांकि, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद बाजार में तेज बिकवाली शुरू हो गई, जिससे कीमतों में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया. बाजार जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है. ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहकर निवेश संबंधी फैसले लेने की सलाह दी जा रही है.