जयपुर: राजस्थान पुलिस महकमे में नए साल पर करीब 40 आईपीएस अधिकारियों को प्रमोशन की सौगात मिल सकती है. अलग-अलग बैच के अधिकारियों की पदोन्नति विभिन्न वेतन शृंखलाओं में प्रस्तावित है. 2002 बैच से लेकर 2023 बैच तक के आईपीएस अधिकारियों को प्रमोशन मिलने के आसार हैं.
राजस्थान में 40 IPS के प्रमोशन की तैयारी
-नए साल में IPS अधिकारियों को मिलेगी पदोन्नति
-2002 से 2023 बैच तक के नाम शामिल
-अलग-अलग वेतन शृंखलाओं में होंगे प्रमोशन
-कई युवा IPS अधिकारियों को भी मिलेगा प्रमोशन
राजस्थान में आईपीएस अधिकारियों की पदोन्नति को लेकर तैयारियां चल रही हैं. 2002 बैच के जोस मोहन और राजेश मीना को आईजी से एडीजी पुलिस वेतन शृंखला में प्रमोशन प्रस्तावित है. केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात जोस मोहन को परफॉर्मा प्रमोशन मिल सकता है. वहीं 2009 बैच के 10 आईपीएस अधिकारियों को डीआईजी से आईजी वेतन शृंखला में पदोन्नति मिल सकती है. इनमें प्रीति जैन, श्वेता धनखड़, अजय सिंह, योगेश यादव, कुंवर राष्ट्रदीप, अनिल कुमार द्वितीय, प्रदीप मोहन शर्मा, दीपक भार्गव, मनीष अग्रवाल द्वितीय और रामेश्वर सिंह शामिल हैं. प्रीति जैन को भी केंद्र में प्रतिनियुक्ति के चलते परफॉर्मा प्रमोशन मिल सकता है. वहीं पंकज कुमार चौधरी का प्रमोशन प्रकरण लंबित होने से उनके मामले में बाद में फैसला हो सकता है. इसके अलावा 2013 बैच के सात आईपीएस अधिकारियों तेजस्वनी गौतम, चूनाराम जाट, मनीष त्रिपाठी, सुधीर जोशी, संजीव नैन, नरेन्द्र सिंह और योगेश गोयल को चयन से डीआईजी वेतन शृंखला में पदोन्नति प्रस्तावित है.
नए साल में 40 IPS अधिकारियों के प्रमोशन की तैयारी
-2002 और 2009 बैच के अधिकारियों को प्रमोशन
-2013 और 2014 बैच के IPS की भी खुलेगी किस्मत
-2018 और 2023 बैच के युवा IPS को मिलेगा प्रमोशन
-अलग-अलग वेतन शृंखलाओं में होगी पदोन्नति
प्रमोशन की संभावित सूची में 2014 बैच के 10 आईपीएस अधिकारियों को कनिष्ठ प्रशासनिक से चयन वेतन शृंखला में पदोन्नति प्रस्तावित है. इनमें अनिल कुमार, धर्मेन्द्र सिंह, मोनिका सैन, ज्ञानचंद्र यादव, करण शर्मा, कृष्ण चंद, हनुमान प्रसाद मीणा, राजेश कुमार, नरेन्द्र सिंह मीणा और राजेन्द्र कुमार मीणा शामिल हैं. इसी बैच के लक्ष्मण दास 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे, ऐसे में उनका नाम प्रमोशन सूची में शामिल नहीं हो सकेगा. वहीं 2018 बैच के चार आईपीएस ज्येष्ठा मैत्रेयी, विकास सांगवान, अमित कुमार और कुंदन कनवारिया को वरिष्ठ से कनिष्ठ प्रशासनिक वेतन शृंखला में प्रमोशन प्रस्तावित है. जबकि 2023 बैच के सात अधिकारियों आशिमा वासवानी, पाटिल अभिजीत, तुलसीराम, जतिन जैन, प्रतीक सिंह, कार्तिकेय वर्मा और नितिन चौधरी को वरिष्ठ वेतन शृंखला में पदोन्नति मिल सकती है. इस बैच के कार्तिकेय वर्मा और नितिन चौधरी फिलहाल ट्रेनिंग पर हैं, वहीं एपीओ चल रहे माधव उपाध्याय के मामले पर भी विचार हो सकता है. दो ट्रेनी अधिकारियों को प्रमोशन नहीं मिलने पर प्रमोटी अधिकारियों की संख्या चार और माधव उपाध्याय को शामिल करने पर पांच हो सकती है.