नई दिल्ली : इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि आज मैंने अपने मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात की. राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि अमेरिकी सेना के साथ हमने जो शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं उनका लाभ उठाकर समझौते में उल्लिखित युद्ध उद्देश्यों को पूरा करने का अवसर है.
एक ऐसा समझौता जो हमारे महत्वपूर्ण हितों की रक्षा करेगा. साथ ही, हम ईरान और लेबनान दोनों पर हमले जारी रखे हुए हैं. हम मिसाइल कार्यक्रम और परमाणु कार्यक्रम को कुचल रहे हैं. और हिजबुल्लाह पर लगातार हमले कर रहे हैं. कुछ ही दिन पहले हमने दो और परमाणु वैज्ञानिकों को मार गिराया है. और हमारा हाथ अभी भी फैला हुआ है. हम किसी भी परिस्थिति में अपने महत्वपूर्ण हितों की रक्षा करेंगे.
ईरान में वेनेजुएला की तरह नई सरकार बनेगी : डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान से वार्ता हो रही है. मुजतबा खामेनेई की मौत नहीं चाहता. ईरान में वेनेजुएला की तरह नई सरकार बनेगी. इसके लिए एक खास शख्स से बातचीत कर रहे हैं. अमेरिका ईरान में नई राजनीतिक व्यवस्था के विकल्पों पर काम कर रहा है. अमेरिका के साथ मिलकर जॉइंट लीडरशिप का मॉडल भी अपनाया जा सकता है. ईरान बातचीत के लिए बेकरार है और जल्द समझौता करना चाहता है.
ट्रंप के बयान पर ईरान का तीखा पलटवार:
वहीं ईरान ने ट्रंप के दावे को खारिज कर दिया है. ट्रंप के बयान पर ईरान का तीखा पलटवार करते हुए कहा कि हमारे बदले की कार्रवाई से अमेरिकी राष्ट्रपति डर गए हैं. ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणियां ऊर्जा की कीमतों को कम करने और अपनी सैन्य योजनाओं को लागू करने के लिए समय खरीदने का प्रयास है.
28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद से हर बीतते दिन के साथ जंग का प्रसार क्षेत्र बढ़ता ही जा रहा है. इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के पावर प्लांट्स और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर 5 दिनों तक कोई हमला न करने की बात कही है. उन्होंने दावा किया कि उनकी ईरान से अच्छी बात जारी है.