बीकानेर: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच खाड़ी देशों से लौटे प्रवासी भारतीय, परिजनों की आंखों में खुशी के आँसू छलक उठे. अमेरिका-ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर खाड़ी देशों में रह रहे प्रवासी भारतीयों पर भी देखने को मिल रहा है.
युद्ध जैसे हालातों के बीच दुबई में रह रहे बीकानेर के कई प्रवासी भारतीय सुरक्षित अपने वतन लौट आए. बीकानेर पहुंचने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और खुशी के आंसू छलक पड़े. दुबई से लौटे युवकों ने बताया कि हालात बेहद डरावने थे. आसमान में लगातार आग के गोले दिखाई दे रहे थे और पूरे क्षेत्र में असामान्य तनाव का माहौल था.
उन्होंने कहा कि अब तक यूएई को सुरक्षित माना जाता था, लेकिन मौजूदा हालातों ने सभी को चिंता में डाल दिया है. युवकों ने बताया कि युद्ध जैसी स्थिति के कारण दुबई से भारत की फ्लाइट मिलना मुश्किल हो गया था. ऐसे में उन्होंने लंबा सड़क मार्ग तय कर ओमान का रुख किया. वहां से गोवा के लिए फ्लाइट मिली और गोवा पहुंचने के बाद वे बीकानेर पहुंचे.
दुबई से लौटने वाले प्रवासियों ने कहा कि मौजूदा हालातों के कारण अब उन्हें आर्थिक उपार्जन के लिए नए विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं. उन्होंने युद्ध के दौरान देखे गए हालातों का आंखों देखा हाल साझा करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में सबसे बड़ी प्राथमिकता सुरक्षित घर लौटना ही था.