जयपुर: नरेंद्र मोदी सरकार को 12 साल हो गए है.देशभर में बीजेपी के थिंक टैंक उपल्बधियां गिना रहे है. बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में केंद्रीय रेल और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से संवाद किया और कहा कि 60 साल में जो काम नहीं हुआ, वह 12 साल में हुए है. केंद्रीय मंत्री रेल और IT मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को सामने रखा.वे विशेष तौर पर मोदी सरकार के 12सालों की उपलब्धियों को गिनाने जयपुर आए थे.वैष्णव ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को तो कुछ बोलने का अधिकार नही है.
मोदी सरकार के 12 वर्षों में जितना काम हुआ है, उतना पहले के 60 वर्षों में नहीं हो पाया. उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में 70 हजार किलोमीटर रेलवे पटरियों का उन्नयन किया गया और 60 हजार किलोमीटर रेल मार्ग का विद्युतीकरण हुआ. उन्होंने यह भी कहा कि 12 करोड़ गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए, जबकि जनधन योजना के तहत 50 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए. नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद को बढ़ावा मिला, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कदम उठाए हैं.
अश्विनी वैष्णव के शब्दों में राजस्थान:
पहले राजस्थान को रेलवे के लिए लगभग 682 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जबकि अब यह बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.राजस्थान में वर्तमान में 76 हजार करोड़ रुपये के रेलवे विकास कार्य चल रहे. जयपुर और गांधी नगर रेलवे स्टेशन पर बड़े स्तर पर पुनर्विकास कार्य चल रहे हैं. उनकी डिजाइन अगले 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है.
रेलवे का राजस्थान बजट 15 गुणा:
-10 हजार 828 करोड़ का बजट
-85 स्टेशन का नव निर्माण हो रहा
-जयपुर स्टेशन को गुलाबी नगर के अनुरूप किया गया
-गांधीनगर स्टेशन शानदार काम हुआ
-स्वर्ण नगरी जैसलमेर रेलवे स्टेशन शानदार बना
प्रेस वार्ता के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई और करीब 20 मिनट तक पूरा कॉन्फ्रेंस हॉल अंधेरे में डूबा रहा. खास बात यह रही कि उस समय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ,महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, रामलाल शर्मा मौजूद थे. बिजली जाने के बाद 5 मिनट तक इंतजार किया गया, लेकिन आपूर्ति बहाल नहीं होने पर केंद्रीय मंत्री ने मोबाइल और कैमरों की रोशनी के बीच ही उपलब्धियों को गिनाना शुरू कर दिया था.
कार्यक्रम के दौरान तीन बार बिजली बाधित हुई. इस पूरे प्रकरण के दौरान अश्विनी वैष्णव बेहद सहज रहे और खुद ही मीडिया के कैमरों के पास पहुंच गए.थोड़ी देर बाद लाइट आ गई रेल मंत्री ने कहा कि देश में मेट्रो, रेलवे, हाईवे और पावर सेक्टर सहित सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है. उन्होंने कहा कि पहले रेलवे स्टेशनों पर केवल टाइल्स लगाने और रंग-रोगन तक ही विकास सीमित रहता था, लेकिन अब स्टेशनों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है.