राजस्थान पुलिस की सराहनीय पहल, पुलिस जवानों के स्वास्थ्य को लेकर उठाया कदम, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए राजस्थान पुलिस ने एक संवेदनशील और सराहनीय पहल की शुरुआत की है. DGP राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राज्यभर के कांस्टेबल्स को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए बड़े स्तर पर ORS  पैकेट्स वितरित किए जाएंगे

इस विशेष अभियान के तहत करीब 5 लाख ORS पैकेट्स पुलिस जवानों तक पहुंचाए जाएंगे, जिससे गर्मी के दौरान उनकी कार्यक्षमता और स्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रह सकें. इस पहल को साकार करने में रोटरी क्लब मुंबई का सहयोग मिला है, वहीं प्रवासी राजस्थानी उद्योगपति आशीष पोद्दार ने भी महत्वपूर्ण योगदान देकर अपने प्रदेश के पुलिसकर्मियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है. पूरी योजना का संचालन डीआईजी ट्रेनिंग शरद चौधरी के नेतृत्व में किया जा रहा है. राज्यभर में इस अभियान को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए समन्वय तेज कर दिया गया है. योजना के तहत राजस्थान के 12 पुलिस ट्रेनिंग सेंटर्स के साथ-साथ राज्य के बाहर स्थित 4 ट्रेनिंग सेंटर्स को भी इस राहत अभियान से जोड़ा गया है, ताकि हर स्तर पर पुलिस जवानों को इसका लाभ मिल सके.वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए रेंज आईजी स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक कांस्टेबल तक ORS पैकेट्स समय पर पहुंचें. योजना के अनुसार, हर जवान को 10 ORS पैकेट्स दिए जाएंगे, ताकि वे ड्यूटी के दौरान खुद को हाइड्रेटेड रख सकें और लू के प्रभाव से बचाव कर सकें.    

अभियान की शुरुआत भी तेज़ी से की गई है. सोमवार को पहली खेप के रूप में 90 हजार ORS पैकेट्स राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) में पहुंचाए गए, जहां से उनके वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं मंगलवार को दूसरी खेप के तहत फिर से 90 हजार पैकेट्स आने की तैयारी है. इसके अलावा आगामी 5 से 7 दिनों में अगली सप्लाई भी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा.प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और लू की स्थिति को देखते हुए यह पहल पुलिस जवानों के लिए किसी “ठंडी फुहार” से कम नहीं है. अक्सर कठोर परिस्थितियों में ड्यूटी करने वाले जवानों को इस तरह की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना न केवल उनके मनोबल को बढ़ाएगा, बल्कि उनकी कार्यक्षमता में भी सुधार लाएगा.राजस्थान पुलिस की यह पहल दर्शाती है कि विभाग अपने जवानों के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर गंभीर है. आने वाले दिनों में इस तरह के और भी कदम उठाए जाने की संभावना है, जिससे पुलिस बल को और मजबूत और सक्षम बनाया जा सके.