सांगा बाबा की धरती से 650 करोड़ का विकास पैकेज, CM भजनलाल का आस्था से सियासत तक बड़ा संदेश, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः सांगा बाबा की पावन धरती से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज 650 करोड़ रुपये से जुड़े विकास कार्यों का लोकापर्ण और शिलान्यास कर आमजन को बड़ी सौगात दी. इस पूरे कार्यक्रम में जहां धार्मिक आस्था का रंग दिखा, वहीं विकास के बड़े दावे और विपक्ष पर तीखे हमले भी देखने को मिले.मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने दौरे की शुरुआत सांगानेर के ऐतिहासिक त्रिपोलिया हनुमान मंदिर से की. मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की. इसके बाद वे मंदिर परिसर में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़े कामों की नींव रखी गई.मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री सांगानेर स्टेडियम पहुंचे, जहां एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बटन दबाकर 650 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकापर्ण और शिलान्यास किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे. इस मौके पर यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद मंजू शर्मा सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया. 

कुल 5141.25 लाख रूपए का रिशा के 56 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण
4554.65 लाख रूपए के 40  विकास कार्यों  का शिलान्यास
586.60 लाख रूपए के 16 कार्यों का लोकार्पण

शिलान्यास
1396.04 लाख रूपए से पार्कों के सौन्दर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास
156.52 लाख रूपए से श्मशान स्थलों के विकास कार्यों का शिलान्यास
3 मंदिरों में 928.41 लाख रूपए से सौन्दर्यीकरण कार्य का शिलान्यास
723.68 लाख रूपए से जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए 2 बडे नालों का निर्माण

लोकार्पण
32.78 लाख रूपए की लागत से पार्कों के सौन्दर्यीकऱण का लोकार्पण
511.20 लाख रूपए की लागत से 12 नवीन सडकों का लोकापर्ण
42.62 लाख रूपए की लागत से सीवर लाइन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में न सिर्फ विकास की योजनाओं का ब्यौरा दिया, बल्कि आने वाले दिनों में होने वाली बड़ी परियोजनाओं का भी खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जयपुर आएंगे और मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास करेंगे. करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को शहर के लिए गेमचेंजर बताया गया. इसके साथ ही उसी दिन रिफाइनरी का उद्घाटन भी किए जाने की बात मुख्यमंत्री ने कही, जिससे प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार ने ऐसी मेट्रो परियोजना शुरू की जो आज तक घाटे में चल रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह तक नहीं पता था कि मेट्रो कहां चलानी चाहिए, उन्हें सिर्फ परियोजना शुरू करने से मतलब था. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार योजनाओं को केवल शुरू नहीं करती, बल्कि उन्हें परिणाम तक पहुंचाती है.अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सांगानेर के विकास कार्यों का विस्तृत विवरण भी रखा. उन्होंने बताया कि  इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.मुख्यमंत्री का संबोधन केवल विकास योजनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसमें भावनात्मक जुड़ाव भी दिखाई दिया. उन्होंने सांगानेर की जनता का आभार जताते हुए कहा कि इस क्षेत्र ने उन्हें प्रदेश की सेवा करने का अवसर दिया है. हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह सांगानेर को जितना समय देना चाहते हैं, उतना नहीं दे पा रहे हैं. यह बयान उनके और जनता के बीच भावनात्मक संबंध को दर्शाता है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि अगले वर्ष सांगानेर का 500वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सांगानेर के ऐतिहासिक गेट और धरोहरें इस क्षेत्र की पहचान हैं और इनके संरक्षण व विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.

राज्य सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने ढाई साल में उतना काम कर दिया है, जितना पिछली सरकार पांच साल में भी नहीं कर पाई. उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में अब तक सवा लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं और आगे भी युवाओं को रोजगार देने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है.शहरी सेवा शिविरों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नगर निगम और जयपुर विकास प्राधिकरण के जरिए पट्टों का वितरण भी किया. नगर निगम की ओर से 300 और जेडीए की ओर से 400 पट्टे दिए गए. मानसरोवर निवासी रंजीत सिंह को मुख्यमंत्री ने पहला पट्टा सौंपा. इसके अलावा स्वच्छता सिपाहियों को चेक देकर सम्मानित किया गया, जिससे सरकार का संदेश साफ था कि वह जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों का भी सम्मान करती है.कार्यक्रम में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना की. उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और शहरी सेवा शिविर आम जनता के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य की ओर लगातार काम कर रही है.पूरे कार्यक्रम में एक बात साफ नजर आई—सांगानेर से सरकार ने विकास, आस्था और राजनीतिक संदेश तीनों को एक साथ जोड़ने की कोशिश की. जहां एक ओर बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा कर विकास का रोडमैप पेश किया गया, वहीं धार्मिक स्थलों पर फोकस कर सांस्कृतिक जुड़ाव को भी मजबूत किया गया. दूसरी ओर विपक्ष पर हमला कर राजनीतिक संदेश भी स्पष्ट कर दिया गया.   

सांगानेर का यह कार्यक्रम केवल एक विकास कार्यों का लोकार्पण नहीं, बल्कि सरकार की प्राथमिकताओं,राजनीतिक रणनीति और जनता से जुड़ाव का एक बडा कार्यक्रम बनकर सामने आया