जयपुरः नंदपुरी रोड की चौड़ाई बढ़ाने के लिए JDA की कार्रवाई जारी है. सड़क की 80 फीट रोड की सीमा में आ रहे मंदिर, मस्जिद, मजार चबूतरा और सत्संग भवन को हटाया जा रहा है. एक धार्मिक स्थल के करीब आधे हिस्से को ध्वस्त किया गया है. शेष अधिकतर निर्माणों को JDA पहले ही हटा चुका है. 22 मई को इसी मार्ग पर अभियान चलाकर 134 अतिक्रमण हटाए गए थे. कार्रवाई वाले इलाके में बिजली भी बंद की गई है.
इसके बाद सड़क सीमा में आ रहे धार्मिक स्थलों के प्रबंधन और संबंधित लोगों को समय दिया था. निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद अब प्रशासन खुद कार्रवाई कर रहा है. वर्तमान में यह सड़क कई स्थानों पर केवल 25 से 30 फीट चौड़ी रह गई है. जबकि राजस्व रिकॉर्ड में इसकी चौड़ाई 80 फीट दर्ज है. नंदपुरी अंडरपास को जगतपुरा से करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा मार्ग जोड़ता है.
50 से ज्यादा कॉलोनियों को मिलेगा फायदाः
6 प्रमुख कॉलोनियों के बीच से होकर मार्ग गुजरता है. सड़क चौड़ीकरण से 50 से ज्यादा कॉलोनियों को फायदा मिलेगा. सड़क चौड़ी होने के बाद हरे कृष्णा मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा. नंदपुरी से जगतपुरा तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
RAC की 12 कंपनियां तैनातः
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में 3 हजार जवान तैनात है. RAC की 12 कंपनियां तैनात की गई है. कोटा, भरतपुर रेंज से अतिरिक्त जाब्ता भी बुलाया गया है. देर रात से ही जयपुर के 34 थाना क्षेत्रों में 24 घंटे इंटरनेट बंद है. इंटरनेट पर रोक आज रात 12 बजे तक रहेगी. हालांकि आमजन की सुविधा के लिए वाइस कॉलिंग चालू है. मास्टर प्लान के अनुसार रोड को 80 फीट तक विकसित किया जाना है.