अजमेर: हरियाणा के अंबाला में इंटेलिजेंस एजेंसियों द्वारा आतंकी साजिश का बड़ा खुलासा किया गया है. जांच एजेंसियों ने हनुमानगढ़ सहित अलग-अलग स्थानों पर बम विस्फोट की साजिश रचने के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक आरोपी अजमेर का रहने वाला है. गिरफ्तार आरोपियों में अजमेर के दिल्ली गेट क्षेत्र के लोंगिया मोहल्ला निवासी अली अकबर उर्फ बाबू, पुत्र मोहम्मद रमजान का नाम सामने आया है.
सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने राजस्थान के हनुमानगढ़ समेत कई जगहों पर बम धमाके करने की साजिश रची थी. जांच में खुलासा हुआ कि साजिश के तहत आईईडी हनुमानगढ़ तक पहुंचा दी गई थी, लेकिन आरडीएक्स समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण उनकी योजना विफल हो गई. बताया जा रहा है कि करीब चार दिन तक आईईडी वहीं रही और बाद में आरोपियों ने विस्फोटक सामग्री वापस मंगवा ली.
इंटेलिजेंस एजेंसियों के अनुसार पकड़े गए आरोपी अलग-अलग स्थानों की रेकी भी कर चुके थे और कई जगहों को संभावित टारगेट बनाया गया था. फिलहाल तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं.
वहीं इस पूरे मामले में अजमेर के आरोपी युवक के परिवार ने भी कड़ी नाराजगी जाहिर की है. परिजनों ने कहा कि यदि युवक इस तरह की गतिविधियों में शामिल है तो यह बेहद शर्मनाक है. उन्होंने कहा कि ऐसा कृत्य करने से तो मर जाता तो अच्छा था. परिवार ने कहा कि पहले ही मुस्लिम समाज पर उंगली उठाई जाती है और इस तरह के कृत्य से पूरी कौम बदनाम होती है. परिजनों ने यह भी कहा कि वे किसी भी तरह की गलत गतिविधि का समर्थन नहीं करते और जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून अपना काम करे और यदि युवक दोषी है तो उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए.