VIDEO: दीपावली पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, सभी फायरमैन की छुट्टियां रद्द, 477 फायर फाइटर्स 24 घंटे रहेंगे अलर्ट मोड पर, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: दीपावली पर जब पूरा शहर रोशनी, दीपों और आतिशबाजी के उल्लास में डूबा होगा, तब जयपुर के 477 फायर फाइटर्स और ऑफिसर्स शहर की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे होंगे. लोग परिवार के साथ त्योहार मनाएंगे, लेकिन फायर ब्रिगेड के जवान दूसरों की खुशियों को सुरक्षित रखने के लिए अपने घरों से दूर रहकर मोर्चे पर तैनात रहेंगे. आगजनी की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने सभी फायरमैन की छुट्टियां रद्द कर दी हैं. 12 फायर स्टेशनों के साथ 12 चिह्नित पुलिस थानों और प्रमुख स्थानों पर दमकलें तैनात रहेंगी. तीन शिफ्टों में 24 घंटे ड्यूटी होगी. किसी भी आपात स्थिति में दमकलों को तत्काल रवाना करने की व्यवस्था की गई है. हालांकि इन फायरफाइटर्स के सामने कुछ चुनौतियां भी होगी. 

इन फायरफाइटर्स के सामने कुछ चुनौतियां:
-12 फायर स्टेशनों के अलावा 12 थानों पर भी दमकलें तैनात:
-विश्वकर्म,झोटवाड़ा,मानसरोवर,मालवीय नगर
-अपैरल पार्क,22 गोदाम,बिंदायका,आमेर
-घाटगेट,चौगान,बनीपार्क,सीएम हाउस (अस्थाई)
-12 पुलिस थानों और स्थानों पर दमकलों की तैनाती
-विद्याधर नगर,वैशाली नगर,मानसरोवर थाना
-मालवीय नगर,सांगानेर,यादगार पुलिस कंट्रोल रूम
-चित्रकूट,ब्रह्मपुरी,माणक चौक,कोतवाली
-पुलिस आयुक्तालय,निगम हेरिटेज ऑफिस

दीपावली पर आगजनी की घटनाओं से तुरंत निपटने के लिए फायर ब्रिगेड ने स्टेशन आधारित व्यवस्था के साथ अतिरिक्त तैनाती का प्लान भी तैयार किया है. शहर के 12 फायर स्टेशनों पर दमकल और स्टाफ उपलब्ध रहेगा. इसके अलावा पुलिस मुख्यालय और जिला प्रशासन की ओर से चिह्नित 12 पुलिस थानों पर भी फायर व्हीकल तैनात किए जाएंगे. ये गाड़ियां दीपावली से तीन दिन पहले और तीन दिन बाद तक संबंधित स्थानों पर रहेंगी. एडिशनल कमिश्नर नरेंद्र बंसल के मुताबिक, दीपावली को देखते हुए सभी फायर व्हीकल का मॉक ड्रिल कराया गया है और उन्हें वर्किंग कंडीशन में लाया गया है.

आगजनी की संभावित घटनाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत एक्शन प्लान बनाया गया है. इसमें प्रत्येक दमकल की लोकेशन, उस पर तैनात स्टाफ और संपर्क नंबर निर्धारित किए गए हैं. इस प्लान को आमजन के साथ भी साझा किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग नजदीकी फायर स्टेशन या उपलब्ध दमकल से सीधे संपर्क कर सकें. पुराने शहर के बाजारों और संकरी गलियों में आग लगने की स्थिति में दमकलों को मौके तक पहुंचाना आसान नहीं होता. इसे देखते हुए परकोटे में विशेष इंतजाम किए गए हैं. 

कोतवाली, माणक चौक थाने और नगर निगम के हेरिटेज भवन पर एक-एक फायर व्हीकल तैनात किया गया है. इसके अलावा घाटगेट फायर स्टेशन भी नजदीक होने से बाजारों में किसी घटना पर वहां से दमकल भेजी जा सकेगी. परकोटे के सबसे कंजेस्टेड इलाकों में शामिल पुरोहितजी का कटला भी फायर ब्रिगेड के रडार पर है. यहां सामने स्थित नगर निगम के हेरिटेज भवन में एक दमकल स्थायी रूप से स्टैंडबाय रखी गई है. इससे बाजार में आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर ही कार्रवाई करने में मदद मिल सकेगी.

फायर ब्रिगेड के संसाधन :
कुल फायर स्टेशन - 12
कुल दमकल वाहन - 58
बड़ी दमकल - 46
छोटी दमकल - 10
एएचएलपी - 1 (70 मीटर)
एडब्ल्यूटी - 1 (36 मीटर)
तंग गलियों के लिए फायर बाइक - 25

24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम:
-20 सेकंड में रवाना होगी दमकल
-सुरक्षा में तैनात 477 फायर फाइटर्स :
-कुल फायर फाइटर्स एवं ऑफिसर्स - 477
-फायरमैन - 309
-ड्राइवर - 157
-उपायुक्त - 1
-सीएफओ - 1
-फायर ऑफिसर (FO) - 4
-असिस्टेंट फायर ऑफिसर (AFO) - 5

फायर उपायुक्त दुर्गा कुमारी ने बताया कि नगर निगम के पास वर्तमान में 12 फायर स्टेशन और कुल 58 दमकल वाहन उपलब्ध हैं. इनमें 46 बड़ी और 10 छोटी गाड़ियां शामिल हैं. इसके अलावा ऊंची इमारतों में आग बुझाने और रेस्क्यू के लिए 70 मीटर की एक एएचएलपी और 36 मीटर की एक एडब्ल्यूटी उपलब्ध है. तंग गलियों और ऐसे इलाकों में जहां बड़ी दमकल नहीं पहुंच सकती, वहां 25 फायर बाइक भी इस्तेमाल की जाएंगी. 

इन संसाधनों के संचालन के लिए 157 ड्राइवर और 309 फायरमैन तैनात हैं. अधिकारियों की टीम में एक सीएफओ, चार फायर ऑफिसर और पांच असिस्टेंट फायर ऑफिसर भी शामिल हैं. इस तरह कुल 477 फायर फाइटर्स और ऑफिसर्स दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. ऐसे में उपलब्ध संसाधनों के जरिए आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी की गई है.

दीपावली के दौरान निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा. यहां राउंड द क्लॉक स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है. प्रत्येक फायर व्हीकल पर तीन फायरमैन की तैनाती करते हुए तीन शिफ्टों में ड्यूटी तय की गई है. सभी फायरमैन की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, ताकि किसी भी समय स्टाफ की कमी न रहे. 

सीएफओ गौतम लाल ने बताया कि किसी भी आपात कॉल पर फायर स्टेशन से महज 20 सेकंड में दमकल को मौके के लिए रवाना कर दिया जाता है. टीम को इस तरह तैयार रखा गया है कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई शुरू की जा सके.बहरहाल, इस बार दीपावली पर शहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी 477 फायर फाइटर्स के कंधों पर होगी. जब जयपुर रोशनी से जगमगाएगा, तब ये जवान हर कॉल पर दौड़ने के लिए तैयार रहेंगे. इनकी कोशिश यही होगी कि शहर के हर घर में दीप जले, लेकिन कहीं भी आग की लपटें न उठें.