VIDEO: दिल्ली रैली में नहीं जाना यूथ कांग्रेस नेताओं को पड़ा महंगा, सैंकड़ों पदाधिकारियों को संगठन ने किया सस्पेंड, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: दिल्ली में विपक्ष की वोट बचाओ-देश बचाओ रैली से गायब रहने वाले कांग्रेस के हरावल दस्ते के पदाधिकारियों को अब भारी पड़ रहा है. पार्टी के निर्देश पर यूथ कांग्रेस के अब तक तक देशभर से करीब 230 पदाधिकारियों को सस्पेंड किया जा चुका है. आगे भी रैली से नदारद रहने वाले पदाधिकारियों को सस्पेंड करने का एक्शन जारी रहेगा. दरअसल यूथ कांग्रेस ने एप के जरिए पदाधिकारियों को दिल्ली से विथ लोकेशन के साथ उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए थे. ऐसे में जिन पदाधिकारियों को एप पर हाजिरी शो नहीं हो रही उन्हें अब सस्पेंड किया जा रहा है.

दिल्ली रैली से गायब रहने वाले पदाधिकारियों पर एक्शन
-यूथ कांग्रेस के अब तक 230 पदाधिकारी हुए सस्पेंड
-कई राज्यों के प्रदेश पदाधिकारी औऱ जिला अध्यक्षों को किया निलम्बित
-सबसे ज्यादा मध्यप्रदेश में 60 पदाधिकारियों का किया सस्पेंड
-राजस्थान के 43 पदाधिकारियों पर हुआ एक्शन 
-राजस्थान के 13 जिला अध्यक्ष और 31 प्रदेश पदाधिकारियों पर गिरी गाज 
-गुजरात,तेलंगाना,उत्तर प्रदेश, हरियाणा औऱ हिमाचल के पदाधिकारी भी हुए सस्पेंड 
-एप के जरिए दिल्ली आकर अटेंडेंस दर्ज कराने के थे अनिवार्य आदेश
-एप पर हाजिरी शो नहीं करने वाले पदाधिकारियों पर अब हो रहा है एक्शन

आपको बता दे कि यूथ कांग्रेस में देशभर में करीब 6 से सात हजार पदाधिकारी है. लेकिन एप में अटेंडेंस केवल 3100 पदाधिकारियों की हुई. मतलब आधे से ज्यादा पदाधिकारियों ने निर्देशों के बावजूद रैली में आना जरुरी नहीं समझा. लिहाजा संगठन को यह बात नागवार गुजरी औऱ उन्हें तुरंत अगले आदेशों तक सस्पेंड कर दिया गया है. संगठन का कहना है कि सस्पेंड होने वाले पदाधिकारी अगर नहीं आने का कोई जायज कारण साबित कर देंगे तो फिर उन्हें वापस बहाल कर दिया जाएगा. एक मैसेज देने के लिए फिलहाल यह एक्शन लिया गया है.

राजस्थान वाले पदाधिकारियों के साथ इस एक्शन से वाकई गजब हुआ है. क्योंकि पिछले दिनों ही रिजल्ट आया था औऱ चंद दिनों बाद ही उन्हें अब सस्पेंड का सामना करना पड़ गया. हालांकि अभिषेक चौधरी ने एक्शन नहीं लेने के निवेदन संगठन से किया था लेकिन उसके बावजूद नरमी नहीं बरती गई. अब देखते है कि इन पदाधिकारियों को कितने दिन सस्पेंड रखा जाता है.