Panchayat Election 2026: पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान शुरू, 377 वार्डों में प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला, सीएम भजनलाल शर्मा ने की अपील

जयपुरः प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है. 27 जिलों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा. 27 जिला परिषदों के 377 वार्डों में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. 116 पंचायत समितियों के 2119 वार्डों में मतदान होगा. तीसरे चरण में 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार 567 मतदाता वोट डालेंगे. 

जिला परिषद और पंचायत समिति के कुल 9094 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है. मतदान के लिए प्रदेशभर में 11 हजार 869 पोलिंग स्टेशन बनाए गए है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में सबसे ज्यादा उम्मीदवार मैदान में है. दौसा और हनुमानगढ़ में जिला परिषद के सबसे ज्यादा 24-24 वार्डों में चुनाव है. 

सीएम भजनलाल ने की अपीलः
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पंचायतीराज चुनाव को लेकर प्रदेशवासियों से अपील की है. कहा कि प्रत्येक मत सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है. आज प्रदेश में पंचायत चुनाव के तृतीय चरण का मतदान होने जा रहा है. लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा ग्रामीण स्वशासन को सशक्त करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण अवसर है. इस अवसर पर प्रदेश के समस्त मतदाताओं से विनम्र आग्रह है.      

वे अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें. और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें. विशेष रूप से प्रथम बार मतदान करने जा रहे युवा मतदाताओं से आह्वान है. वे पूर्ण उत्साह, जागरूकता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करें. और अपने परिवारजनों एवं परिचितों को भी मतदान हेतु प्रेरित करें.