साइबर ठगी से आहत महिला ने खाया जहरीला पदार्थ... मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, दौड़ी शोक की लहर

झालावाड़ः झालावाड़  शहर की सुभाष कॉलोनी निवासी मधुबाला की जहरीला पदार्थ खाने से तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला साइबर ठगी से परेशान थी. घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई. 

मृतका की पुत्री कल्पना ठाकुर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी माता जी गुमसुम रह रही थीं. वह किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान थीं. गुरुवार को अचानक जहरीला पदार्थ खाने से उनकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

साइबर ठगी से थी परेशानः
कल्पना ठाकुर के अनुसार, साइबर ठगी के मामले में करीब 13 लाख रुपये की राशि से जुड़ा मामला सामने आया है. उन्होंने बताया कि उनकी माता जी के फोन पे और व्हाट्सएप पर इस मामले से संबंधित चैट भी मौजूद हैं. परिजनों का कहना है कि साइबर ठगी के कारण उनकी माता जी काफी परेशान थीं. हालांकि, साइबर ठगी और घटना के बीच संबंधों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.        

परिवार में शोक का माहौलः
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. महिला की मौत से कॉलोनी में भी शोक की लहर फैल गई. कोतवाली थाना झालावाड़ के थानाधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि परिजनों की ओर से रिपोर्ट दिए जाने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और कथित 13 लाख रुपये की ठगी से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा.