Chhapoli Acident: करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, हादसे को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच बनी सहमति, सरकारी योजनाओं के तहत मिलेगी आर्थिक सहायता

झुंझुनूंः झुंझुनूं जिले के छापोली में करंट से 8 लोगों की मौत हो गई. हादसे को लेकर धरना दे रहे ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सहमति बनी है. उदयपुरवाटी अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. मृतकों के परिजनों को सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता मिलेगी. सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया है. UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देश पर पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी ने समझाइश की. समझाइश के बाद धरना समाप्त करने पर सहमति बनी है. 

पीएम मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है. मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान किया. घायलों को 50-50 हजार रुपए का आर्थिक सहायता दी जाएगी. आपको बता दें कि राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी के छापोली में करंट लगने से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई. इन सभी की गंभीर रूप से झुलसने पर मौत हुई. 5 घायलों का उदयपुरवाटी अस्पताल में उपचार चल रहा है. झुंझुनूं CMHO डॉ.छोटेलाल गुर्जर ने मृतकों और घायलों का आंकड़ा स्पष्ट किया. घायल 27 वर्षीय महेंद्र, 50 वर्षीय सीता देवी पत्नी मदनलाल, 36 वर्षीय मंजू देवी, 55 वर्षीय घीसाराम, 40 वर्षीय संतरा देवी का उदयपुरवाटी अस्पताल में उपचार जारी है.

हादसा उस समय हुआ, जब रोड़ी मिलाने वाली मशीन 11 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई.बताया जा रहा है कि मशीन के बिजली लाइन से टकराते ही करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए.हादसे में 8 मजदूरों की जान चली गई. ये सभी मजदूर सड़क निर्माण कार्य कर रहे थे. कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क बन रही थी.इस दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन 11 केवी की हाईटेंशन के टच होने हो गई, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.

मुख्यमंत्री कार्यालय ने ली हादसे की पूरी जानकारी:
झुंझुनूं में हुए इस बड़े हादसे को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय ने मामले की पूरी जानकारी ली है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी घटना के संबंध में प्रारंभिक जानकारी दी गई है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की झुंझुनूं कलेक्टर से फोन पर बात की. कलेक्टर से मुख्यमंत्री ने मामले में पूरी जानकारी मांगी. 

हादसे पर सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने झुंझुनूं हादसे पर दुख जताया हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है.संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें.

कोई लापरवाही हुई तो कार्रवाई करेंगे: 
झुंझुनूं के छापोली में करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत का मामले में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को फर्स्ट इंडिया से जानकारी मिली. नागर घटना के वक्त फर्स्ट इंडिया से खास बातचीत कर रहे थे. तुरंत पूरे घटनाक्रम पर नागर ने फीडबैक लिया और अधिकारियों को मौके के लिए रवाना किया. नागर बोले-घटना की जांच करने को कहा है. कोई लापरवाही हुई तो कार्रवाई करेंगे.

पूरे घटनाक्रम को लेकर मांगी तथ्यात्मक रिपोर्ट: 
ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने  ऊर्जा सचिव आरती डोगरा से बात की. पूरे घटनाक्रम को लेकर तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी. दिल्ली जा रही ऊर्जा सचिव ने भी मामले में तत्परता दिखाई. अजमेर डिस्कॉम के कार्यवाहक MD भंवरलाल को निर्देश दिए. जल्द से जल्द घटनास्थल पर पहुंचकर वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए.     

झुंझुनूं के छापोली में करंट से 8 लोगों की मौत से हड़कंप:
बैठक बीच में छोड़ जोधपुर डिस्कॉम एमडी भंवरलाल रवाना हुए. झुंझुनूं के छापोली में करंट से 8 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया. ऊर्जा सचिव आरती डोगरा क निर्देश पर भंवरलाल तुरंत मौके के लिए रवाना हुए. एमडी भंवरलाल घटना के वक्त जोधपुर में सोलर की बैठक ले रहे थे. इस दौरान जैसे ही ऊर्जा सचिव का आया मैसेज तो मौके के लिए भंवरलाल निकले. भंवरलाल के पास अतिरिक्त चार्ज अजमेर डिस्कॉम एमडी का भी है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जिस जगह हुआ हादसा वो है वन विभाग की जमीन है. रोड बनाने के दौरान रोड़ी मशीन के 11 केवी लाइन के छूने से हादसा हुआ था.