जयपुरः पूर्व CM अशोक गहलोत ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में माहौल हमेशा सौहार्दपूर्ण रहा है. देशभर में चाहे कैसा भी सांप्रदायिक माहौल रहा हो. लेकिन संभवतः यहां कभी आपसी तनाव भी पैदा नहीं हुआ. यहां हिन्दू और मुस्लिम धर्मस्थल एक ही श्रेणी में हैं. दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के धार्मिक स्थलों का पूरा सम्मान करते हैं. पाकिस्तान को धूल चटाने में सेना और सरकार का पूरा सहयोग दिया.
ऐसी जगह पर केन्द्र सरकार के इशारे पर केवल तनाव पैदा करने और ध्रुवीकरण करने के लिए मस्जिदों,मदरसों पर चुन-चुनकर कार्रवाई करना उचित नहीं है. इनमें से कई धार्मिक स्थल आजादी से भी पहले के बने हुए हैं. स्थानीय हिन्दू समुदाय भी इस कार्रवाई के खिलाफ है. कई जगहों पर इस कार्रवाई का विरोध भी किया है. एक धर्म को लक्षित कर की जा रही ऐसी कार्रवाई निंदनीय है. केन्द्र-राज्य सरकार को अनावश्यक तौर पर विवाद नहीं पैदा करना चाहिए.
आमजन में डर बढ़ रहाः
जोधपुर में एक व्यक्ति को सरेआम दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटना, फिर गोली मारकर हत्या कर देना,इस बात का जीता-जागता सबूत है. कि पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है ये खौफनाक घटनाएं साफ संकेत है कि अपराधियों के दिलों से कानून,पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है. सरकार की नाकामी के कारण आज स्थिति बिल्कुल उलट हो गई है. आमजन में डर बढ़ रहा है और अपराधियों में विश्वास. एक सभ्य समाज के लिए यह बेहद खतरनाक और चिंताजनक स्थिति है.