Election Results 2026: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे आज, इन परिणामों पर टिकी हुई हैं पूरे देश की नजरें

Election Results 2026: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे आज, इन परिणामों पर टिकी हुई हैं पूरे देश की नजरें

नई दिल्ली : पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे आज आएंगे. आज के इन परिणामों पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं. पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी चुनाव के नतीजे आएंगे. कई मुख्यमंत्रियों का भविष्य दांव पर लगे हैं. यह नतीजे ममता बनर्जी, हिमंत बिस्वा सरमा, स्टालिन और पी. विजयन जैसे कद्दावर मुख्यमंत्रियों की किस्मत का भी फैसला करेंगे.

पश्चिम बंगाल में दीदी की वापसी या होगा बड़ा खेला ?
पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला होगा. 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है. भाजपा जीती तो पीएम मोदी के करिश्मे और अमित शाह की रणनीति को और धार मिलेगी. वहीं ममता बनर्जी जीतीं तो विपक्षी गठबंधन में उनकी दावेदारी मजबूत होगी. वहीं ममता की हार राष्ट्रीय राजनीति में उनके कद को भी छोटा कर सकती है.

तमिलनाडु में स्टालिन की राह में विजय !
तमिलनाडु की सियासत में सुपरस्टार विजय की पार्टी टीवीके को छुपा रुस्तम माना जा रहा है. हालांकि एक-दो एग्जिट पोल में उनको बहुमत मिलने की संभावना भी जताई गई है. सबसे बड़ा दांव मुख्यमंत्री और द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन का है. जिन्हें अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन चुनौती दे रहा है. स्टालिन हिंदी और केंद्र विरोध के नाम के साथ महिला आरक्षण का फायदा उठाकर सत्ता कायम रखने में जुटे रहे हैं, ज्यादातर एग्जिट पोल में द्रमुक की वापसी का अनुमान है.

असम में भाजपा की हैट्रिक या कांग्रेस की होगी वापसी:
असम में भाजपा की हैट्रिक या कांग्रेस की वापसी होगी. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का जादू चलेगा या कांग्रेस के गौरव गोगोई कमाल करेंगे. ज्यादातर एग्जिट पोल में हिमंत बिस्वा को तीसरा कार्यकाल मिलने का अनुमान है. लेकिन कांग्रेस को भी सत्ता में वापसी की उम्मीद है. 126 सीट के लिए वोटों की गिनती 40 मतगणना केंद्रों पर होगी.

केरल में एलडीएफ-यूडीएफ के बीच कांटे की टक्कर:
केरल में एलडीएफ-यूडीएफ के बीच कांटे की टक्कर है. वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा में कांटे की टक्कर है. कई एग्जिट पोलों में LDF के 10 साल के शासन के खात्मे का अनुमान और UDF की वापसी का दावा है.

पुडुचेरी में राजग की बनी रह सकती सरकार:
केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में राजग अपनी सत्ता बचाए रखने में कामयाब हो सकती है. एग्जिट पोलों के अनुसार भाजपा गठबंधन को 16 से 25 सीटें मिल सकती हैं. 30 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 16 है.