VIDEO: सड़क सुरक्षा मिशन पर केंद्र सरकार बेहद सख्त, ड्राइवर प्रशिक्षण केंद्र जल्द शुरू करने के निर्देश, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और प्रशिक्षित चालकों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने देशभर के ड्राइवर प्रशिक्षण केंद्रों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन ड्राइवर प्रशिक्षण केंद्रों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें बिना देरी तुरंत शुरू कराया जाए. 

केंद्र सरकार ने माना है कि कई राज्यों में प्रशासनिक मंजूरियों, तकनीकी औपचारिकताओं और विभागीय प्रक्रियाओं में देरी के कारण अनेक ड्राइवर प्रशिक्षण केंद्र शुरू नहीं हो पा रहे हैं. इससे सड़क सुरक्षा सुधारने और कुशल वाहन चालकों को तैयार करने की राष्ट्रीय योजना प्रभावित हो रही है. मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिए हैं कि लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाए और तैयार केंद्रों को जल्द से जल्द संचालन की अनुमति दी जाए.मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन नियम 1989 के तहत मान्यता प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा है. निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि जो प्रशिक्षण केंद्र निर्धारित मानकों और आवश्यक शर्तों को पूरा करते हैं, उन्हें बिना अनावश्यक विलंब मान्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाए. 

केंद्र सरकार का मानना है कि देरी के कारण आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था का लाभ युवाओं और परिवहन क्षेत्र को समय पर नहीं मिल पा रहा है.सरकार ने यह भी कहा है कि देश में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रशिक्षित और जिम्मेदार चालकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से चालकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, वाहन संचालन, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और तकनीकी जानकारी का व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जा सकेगा. इससे न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी बल्कि परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बन सकेगी.

मंत्रालय ने राज्यों को यह भी याद दिलाया है कि केंद्र सरकार देशभर में आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण और परीक्षण ढांचे के विकास पर विशेष जोर दे रही है. इसके तहत अत्याधुनिक उपकरणों, डिजिटल प्रशिक्षण प्रणाली और स्वचालित परीक्षण सुविधाओं वाले केंद्र विकसित किए जा रहे हैं. सरकार का उद्देश्य ऐसा पारदर्शी और प्रभावी प्रशिक्षण तंत्र तैयार करना है जिससे योग्य और दक्ष चालक तैयार हो सकें.विशेषज्ञों का मानना है कि केंद्र सरकार के इस निर्देश के बाद लंबे समय से अधर में लटके कई ड्राइवर प्रशिक्षण केंद्रों का संचालन जल्द शुरू हो सकता है. इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, परिवहन क्षेत्र को प्रशिक्षित चालक उपलब्ध होंगे और सड़क सुरक्षा अभियान को भी मजबूती मिलेगी. राज्यों पर अब इन निर्देशों को समयबद्ध तरीके से लागू करने का दबाव बढ़ गया है.