छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, चैतन्य बघेल से जुड़ी 355 प्रॉपर्टी पर कब्जा; भूपेश बघेल बोले- मुझे बदनाम किया जा रहा है

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़ी दुर्ग जिले के कुम्हारी-जंजगीरी स्थित विट्ठल ग्रीन्स कॉलोनी के 355 प्लॉटों पर कब्जा कर लिया है. इन संपत्तियों की कीमत करीब 61 करोड़ रुपये बताई जा रही है. कार्रवाई के बाद ED की ओर से कॉलोनी के मुख्य गेट पर नोटिस भी चस्पा किया गया है.

355 प्लॉटों पर ED का कब्जा:
जानकारी के अनुसार, विट्ठल ग्रीन्स कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं. इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके हैं, जबकि शेष 355 प्लॉटों को ED ने अपनी कार्रवाई के दायरे में लेते हुए कब्जे में लिया है. 

शराब घोटाले की रकम से संपत्ति बनाने का आरोप:
ED की जांच में आरोप लगाया गया है कि छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से अर्जित अवैध रकम का इस्तेमाल रियल एस्टेट कारोबार में किया गया. जांच एजेंसी का दावा है कि चैतन्य बघेल ने कथित तौर पर घोटाले की रकम का निवेश विट्ठल ग्रीन्स रियल एस्टेट परियोजना में किया था. इसी आधार पर एजेंसी ने संबंधित संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की है.

भूपेश बघेल ने ED पर उठाए सवाल:
ED की कार्रवाई के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांच एजेंसी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि ED के पास कोई काम नहीं है और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. बघेल ने इस कार्रवाई को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है.