जयपुर: सावन के दूसरे सोमवार पर शिव भक्ति में छोटी काशी शिवमय हुई. शिवालयों में हर हर महादेव, सड़कों पर बम बम भोले के जयकारे लगे. बड़ी संख्या में लोग भगवान शिव की पूजा के लिए कावड़ ले जा रहे है. ऋषि गालव की तपोस्थली गलता तीर्थ रोड पर कावडियों का जमघट लगा. साथ ही प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही शिव भक्तों का सैलाब उमड़ा.
बम-बम भोले के जयकारों के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे है. ताडकेश्वर महादेव, झाड़खंड महादेव, धुलेश्वर महादेव, रोजगारेश्वर महादेव, चमत्कारेश्वर महादेव, जंगलेश्वर महादेव, आमेर के भूतेश्वर महादेव, अंबकेश्वर महादेव समेत शहर के अधिकांश शिवालयों में मेले का सा माहौल है. मंदिरों में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय पाठ के साथ सहस्त्रधारा के आयोजन हो रहे है. सावन के दूसरे सोमवार पर सोम प्रदोष व्रत का भी आज दुर्लभ संयोग है.
आपको बता दें कि सावन के दूसरे सोमवार पर झमाझम बारिश का इंतजार है. राजधानी जयपुर में कल दोपहर तक रिमझिम बारिश का दौर चला, लेकिन जयपुर में अभी भी सामान्य बारिश में 20 फीसदी की कमी आई. कल सबसे अधिक बारिश चूरू और करौली में 11.5 मिमी दर्ज की गई.
मौसम विभाग के अनुसार बारिश का यह दौर आगे भी जारी रहेगा. पिछले कुछ दिनों से लगातार सक्रिय रहे मानसून से सुधरी स्थिति है. अब कई जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर पहुंच गया. मौसम विभाग ने आज 37 जिलों में अगले 3 दिन बारिश का येलो अलर्ट जारी किया. बारां, बूंदी, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, करौली, कोटा में तेज बारिश के आसार है.