पालीः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुमेरपुर दौरे पर है. नगर पालिका के टाउन हॉल में PM किसान उत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है. PM मोदी कहते हैं कि देश में 4 जातियां है. महिला, युवा, किसान और मजदूर. PM इनके लिए 2014 से काम कर रहे हैं. तीसरी बार शपथ लेते ही सबसे पहले किसानों के लिए काम शुरू किया.
प्रधानमंत्री हमेशा किसानों की चिंता करते हैं. आज प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम पूरे देश के साथ सुमेरपुर में हो रहा. PM आज इस योजना की तीसरी किस्त खाते में डालेंगे. 18,000 करोड़ से ज्यादा की राशि किसानों के खाते में आएगी. राजस्थान के 66,000 किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा.
कांग्रेस ने हमेशा किसानों के साथ धोखा किया, आज तक 4 लाख 40,000 करोड़ रुपए किसानों के खातों में आ चुके. PM किसान सम्मान निधि की राशि ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाया है. हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाने का काम गंभीरता के साथ जारी है. किसानों को उन्नत किस्म की पैदावार और आगे बढ़ाया जा रहा है. सरकार की ओर से 'खेत बचाओ अभियान' चलाया जा रहा है. किसान की जमीन को खराब होने से बचाया जा सके. ज्यादा उपज के लिए प्राकृतिक खेती पर हर किसान को आना होगा. पानी बचाना और पानी उपलब्ध कराना भी एक बड़ा अभियान है. PM मोदी ने कृषि बजट को 3 गुणा बढ़ाया है. पूरे प्रदेश में किसानों को पर्याप्त मात्रा में बिजली सप्लाई, उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार पूरी बिजली उपलब्ध करवा रही.