धनतेरस से दिवाली तक रिकॉर्डतोड़ खरीददारी...! सोने की बिक्री ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड, 52 टन सोने की हुई बिक्री

जयपुरः धनतेरस से दिवाली तक इस बार सर्राफा बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली. सोने-चांदी की खरीदारी ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए. धनतेरस और दिवाली के मौके पर देशभर में करीब 52 टन सोने की बिक्री हुई, जो पिछले पांच सालों में सबसे अधिक है. पिछले साल इसी अवधि में करीब 42 टन सोने की बिक्री हुई थी.

करीब 300 टन चांदी की हुई बिक्री:
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार त्योहारी सीजन में देशभर में करीब 72 हजार करोड़ रुपए के सोने की बिक्री हुई. वहीं, चांदी की खरीदारी में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. दिवाली के दौरान करीब 300 टन चांदी की बिक्री हुई, जिसकी कीमत लगभग 5,400 करोड़ रुपए रही.

राजस्थान में 4 हजार करोड़ का कारोबार: 
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिवाली के मौके पर राजस्थान के सर्राफा बाजारों में भी ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली. प्रदेश में करीब 4 हजार करोड़ रुपए का कारोबार हुआ. सोने-चांदी के आभूषणों के साथ सिक्कों और अन्य उत्पादों की भी जमकर खरीदारी हुई. त्योहारी सीजन में रिकॉर्डतोड़ बिक्री से सर्राफा कारोबारियों के चेहरे खिल उठे.