VIDEO: कबाड़ से रिकॉर्ड कमाई ! स्क्रेप मैटेरियल से डिस्कॉम ने वित्तीय वर्ष में जुटाया 104 करोड़ का राजस्व, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर : जयपुर डिस्कॉम प्रशासन ने स्टोर में "कबाड़" रूपी अनुपयोगी सामान का समयबद्ध निस्तारण कर करोड़ों रुपए की रिकॉर्ड कमाई की है. पिछले तीन सालों की तुलना में डिस्कॉम ने इस बार सर्वाधिक 221 सफल ऑक्शन किए, जिनसे सरकारी खजाने में 104 करोड़ का राजस्व आया है. डिस्कॉम प्रशासन ने इस राजस्व को देखते हुए फील्ड अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए है कि स्प्रेप मैटेरियल का अब हर माह ऑक्शन किया जाए.

दरअसल, डिस्कॉम के स्टोर्स में अनुपयोगी ट्रांसफार्मर, लकड़ी के बॉक्स, पुराने वीसीबी, मीटर, खराब ऑयल, नाकारा वाहन, पुरानी केबल, लोहे के ड्रम आदि अनुपयोगी विद्युत उपकरण एवं सामग्री के डेर दिखना आमबात है. सब डिवीजन एवं डिवीजन कार्यालयों के माध्यम से ये नाकारा सामान सहायक भंडार नियंत्रक कार्यालय में जमा होता है और फिर ऑक्शन कर प्रतिमाह उसका निस्तारण का नियम है. लेकिन दैनिक कार्यों की व्यस्तता और अधिकारियों की उदासीनता के चलते अधिकांशतया समय पर ऑक्शन नहीं किए जाते, जिसके चलते सामान जंग खाता है और राजस्व प्राप्त होने में विलम्ब होता है. 

इस साल की शुरूआत में ही डिस्कॉम सीएमडी आरती डोगरा ने इस मामले में प्रसंज्ञान लिया और मुख्य अभियंता (पदार्थ प्रबंधन), अधीक्षण अभियंता (निरीक्षण एवं भंडार) को सख्त निर्देश दिए थे कि अनुपयोगी सामान के निस्तारण में तेजी लाई जाए. साथ ही मुख्यालय की निरीक्षण एवं भंडार विंग ने वृत्त कार्यालयों में स्क्रेप मैटेरियल की सर्वे रिपोर्ट तैयार करने और नियमित ऑक्शन प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग की. नतीजा ये रहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के दौरान सभी सर्किलों में जहां क्रमशः 115 एवं 185 ऑक्शन ही हो पाए थे. वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जनवरी माह तक कुल 221 ऑक्शन हो चुके हैं.

सख्ती के बाद याद आए 15 साल से धूल फांक रहे वाहन
-जयपुर डिस्कॉम के अनुपयोगी सामग्री के ऑक्शन से जुड़ी खबर
-दरअसल,कई भंडार कार्यालयों में 15 साल से भी अधिक समय से पुराने वाहन धूल खा रहे थे
-बरसों पुराने इन वाहनों पर रोड टैक्स एवं अन्य बकाया करों का विवरण लेना था टेढ़ी खीर
-ऐसे में डिस्कॉम प्रशासन ने सीधे परिवहन मुख्यालय से किया सम्पर्क
-साथ ही सर्किल स्तर से 15 जिलों में परिवहन अधिकारियों के स्तर पर प्रयास किए गए
-आखिरकार परिवहन विभाग से जानकारी लेकर सर्वे रिपोर्ट के आधार 48 वाहनों का लगाया ऑक्शन
-इसमें से 34 अनुपयोगी वाहनों की नीलामी करके सरकारी खजाने में जमा किए गए लाखों रुपए

अलवर और जयपुर ग्रामीण सर्किल में सर्वाधिक कमाई
-जयपुर डिस्कॉम का कबाड़ से कमाई का सर्किलवार रिपोर्ट कार्ड
-निगम के भण्डार कार्यालयों में अलवर वृत्त ने 24.79 करोड़ तथा
-जयपुर जिला वृत्त ने 21.99 करोड़ रुपए स्क्रैप मैटेरियल के ऑक्शन से हासिल किए
-इसके पश्चात दौसा ने 9.34 करोड़ , भरतपुर ने 6.26 करोड़ , कोटा ने 5.66 करोड़,
-जयपुर शहर वृत्त ने 5.28 करोड़, बारां ने 5.18 करोड़, सवाई माधोपुर ने 5.17 करोड़,
-बून्दी ने 4.73 करोड़, टोंक ने 4.54 करोड़, करौली ने 4.31 करोड़ रुपए ,
-झालावाड़ ने 4.17 करोड़ और धौलपुर ने 2.94 करोड़ रुपए ऑक्शन से जुटाए

डिस्कॉम के इस वित्तीय वर्ष में अब तक 104 करोड़ 39 लाख रूपए का राजस्व ऑक्शन के माध्यम से अर्जित किया है. वित्त वर्ष समाप्त होने तक यह राशि 125 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है. यह विगत 5 वर्षों में अनुपयोगी मैटेरियल से प्राप्त अब तक का सर्वाधिक राजस्व है. अनुपयोगी सामग्री के ऑक्शन से वित्तीय वर्ष 2020-21 में 30.85 करोड़, 2021-22 में 94.84 करोड़, 2022-23 में 86.84 करोड़, 2023-24 में 61.29 करोड़ तथा 2024-25 में 55.76 करोड़ की राशि ही हासिल हो पाई थी.