जयपुर: SIR को लेकर देश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. मतदाता सूची के पुनरीक्षण और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस और INDIA गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि SIR पर लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा हो चुकी है और सभी को अपनी बात रखने का अवसर मिला.
इसके बावजूद कांग्रेस निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है. कांग्रेस चुनाव में हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाती है. मेघवाल ने राहुल गांधी की राजनीति को ‘झूठ बोलो और भाग जाओ’ की रणनीति करार दिया. इसके साथ केंद्रीय मंत्री ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए ‘कॉकरोच पार्टी’ को AAP की स्पॉन्सर टीम बताया. वहीं, राजस्थान में होने वाले पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर उन्होंने भाजपा की जीत का भरोसा जताया.
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि SIR के मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में चर्चा हो चुकी है. चर्चा के दौरान सभी पक्षों को अपनी बात रखने का मौका दिया गया. इसके बावजूद कांग्रेस लगातार वोट चोरी और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठा रही है. मेघवाल ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की ओर से नाम हटाने के कारणों की जानकारी दिए जाने के बावजूद कांग्रेस तथ्यों पर बात करने के बजाय राजनीतिक आरोप लगा रही है.
मेघवाल ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां पार्टी चुनाव जीतती है, वहां SIR पर सवाल नहीं उठाती, लेकिन हार मिलने पर संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने लगती है. उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास अपने आरोपों के समर्थन में तथ्य नहीं हैं. मेघवाल ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने आरोपों के पक्ष में ठोस आधार प्रस्तुत करना चाहिए.