प्रतीकात्मक फोटो

जयपुर: राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के परिणामों ने ग्रामीण राजनीति में नया इतिहास रच दिया है. इस बार महिला सशक्तिकरण से लेकर युवा नेतृत्व तक कई नए रिकॉर्ड बने हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदेश के 37 जिलों में से 26 जिलों में महिलाओं ने जिला प्रमुख की कमान संभाली है. करीब 70 फीसदी पदों पर महिलाओं की जीत अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है. प्रदेश के सात नवगठित जिलों को पहली बार जिला प्रमुख मिले हैं. खास बात यह है कि इनमें से पांच जिलों में महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है.
युवा नेतृत्व का बढ़ा दबदबा:
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार जिला प्रमुख चुनाव में युवा चेहरों का भी दबदबा देखने को मिला है. महज 21 साल की दो युवतियां जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं. वहीं, पहली बार 30 साल से कम उम्र के सात जिला प्रमुख चुने गए हैं? जिला प्रमुखों की औसत उम्र भी घटकर 41 साल रह गई है.
पहली बार मतदान कर खुद को दिया वोट:
चुनाव में एक दिलचस्प तस्वीर भी सामने आई है. चार महिला जिला प्रमुखों ने पहली बार मतदान किया और खुद को ही वोट देकर अपनी जीत में भागीदारी निभाई. वहीं, तीन जिलों में जिला प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं.
21 साल पुराना रिकॉर्ड बरकरार:
जिला प्रमुख चुनाव में कई नए रिकॉर्ड बनने के बावजूद खेतसिंह राठौड़ के लगातार चुनाव जीतने का 21 साल पुराना रिकॉर्ड बरकरार है. इस बार के चुनाव परिणाम ग्रामीण राजनीति में महिलाओं और युवा पीढ़ी की बढ़ती भागीदारी को दर्शाते हैं.