महज 21 साल की उम्र में संभाली जिला परिषद की कमान, जानें कौन हैं जैसलमेर की सबसे युवा जिला प्रमुख संतोष कुमारी?

पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत जैसलमेर जिला परिषद की कमान महज 21 वर्षीय संतोष कुमारी के हाथों में आ गई है. कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमारी जिला प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं. उन्हें राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बताया जा रहा है. पोकरण विधानसभा क्षेत्र से आने वाली गांव की इस बेटी ने छोटी सी उम्र में बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी हासिल की है. उनकी इस उप
विस्तार में

जैसलमेर: पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत जैसलमेर जिला परिषद की कमान महज 21 वर्षीय संतोष कुमारी के हाथों में आ गई है. कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमारी जिला प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं. उन्हें राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बताया जा रहा है. पोकरण विधानसभा क्षेत्र से आने वाली गांव की इस बेटी ने छोटी सी उम्र में बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी हासिल की है. उनकी इस उपलब्धि की जिलेभर में चर्चा है. संतोष कुमारी जिला परिषद के वार्ड संख्या 21 से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीतकर जिला परिषद पहुंची थीं. उन्होंने भाजपा की प्रत्याशी लक्ष्मी को 6137 मतों के अंतर से हराया था. इसके बाद जिला प्रमुख पद के लिए उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ. संतोष कुमारी की उम्र 21 वर्ष 36 दिन बताई जा रही है. वे 12वीं पास हैं और अविवाहित हैं. उनके पिता चौथाराम भील ग्राम विकास अधिकारी हैं, जबकि माता गृहिणी हैं. सामान्य सीट से कांग्रेस ने अनुसूचित जनजाति वर्ग की प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा था और उन्हें जीत मिली.

जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा:
पंचायती राज चुनाव में जैसलमेर जिले में कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समितियों में अपना दबदबा दर्ज कराया. जिला परिषद के कुल 21 वार्डों में से कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा को केवल एक सीट मिली. वार्ड संख्या 10 से भाजपा की प्रत्याशी करुणा कंवर जिला परिषद सदस्य के रूप में निर्वाचित हुईं. 

उम्र के चलते पहले चरण में नहीं लड़ पातीं चुनाव:
संतोष कुमारी के निर्वाचन की एक खास बात उनकी उम्र भी रही कि यदि चुनाव कार्यक्रम के प्रथम चरण में मतदान होता तो कम उम्र के कारण वे चुनाव नहीं लड़ पातीं. चौथे चरण तक उनकी उम्र 21 वर्ष 36 दिन हो गई थी और वे चुनाव लड़ने की पात्रता पूरी कर सकीं. इस तरह चुनाव के चौथे चरण में मैदान में उतरकर उन्होंने वार्ड 21 से जीत दर्ज की और अब जिला प्रमुख की जिम्मेदारी संभालेंगी. निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद संतोष कुमारी ने जैसलमेर की जनता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया.

उन्होंने कहा कि वे सभी जनप्रतिनिधियों और आमजन को साथ लेकर चलेंगी तथा जिले के विकास कार्यों में सहयोग करेंगी. जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें इस पद के योग्य समझा, इसके लिए वे उनकी आभारी हैं. महिलाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताओं पर उन्होंने कहा कि वे महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगी. उनका उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाना रहेगा.