
नागौर: राजस्थार के नागौर जिले की सियासत में बुधवार को एक नया इतिहास बन गया. जिला प्रमुख की कुर्सी पर पहली बार राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी यानी RLP ने कब्जा जमा लिया है.RLP के पांचाराम ने निर्दलीय प्रत्याशी अनिल नागौरी को 7 मतों से शिकस्त देकर जीत का परचम लहराया.लेकिन इस जीत के साथ ही सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर 19 सदस्यों वाली RLP को 22 वोट कैसे मिले...? क्या कांग्रेस और बीजेपी के खेमे में क्रॉस वोटिंग हुई? या फिर पर्दे के पीछे कोई बड़ा सियासी खेल हुआ?
नागौर जिला परिषद के जिला प्रमुख चुनाव में RLP ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया है.RLP प्रत्याशी पांचाराम को कुल 22 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी अनिल नागौरी के पक्ष में 15 सदस्यों ने मतदान किया.इस तरह पांचाराम ने 7 मतों के अंतर से जीत हासिल कर नागौर की सियासत में नया अध्याय लिख दिया.इस चुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू रहा क्रॉस वोटिंग का सियासी गणित. जिला परिषद चुनाव में RLP के 19 सदस्य जीतकर आए थे.जबकि कांग्रेस के 11 और बीजेपी के 7 सदस्य निर्वाचित हुए थे.यानी सदन में कुल 37 सदस्य थे.लेकिन जिला प्रमुख चुनाव में पांचाराम को 22 वोट मिले.जो RLP की सदस्य संख्या से 3 अधिक हैं.ऐसे में साफ है कि दूसरे खेमे से तीन वोट RLP के पक्ष में आए.
अब बड़ा सवाल यही है कि ये तीन वोट कांग्रेस के खेमे से आए या बीजेपी के खेमे से? खास बात यह भी रही कि कांग्रेस और बीजेपी ने जिला प्रमुख पद पर अपना अधिकृत प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा.ऐसे में मुकाबला RLP के पांचाराम और निर्दलीय प्रत्याशी अनिल नागौरी के बीच सिमट गया.राजनीतिक जानकारों की नजर में यह चुनाव सिर्फ जिला प्रमुख चुनने का नहीं, बल्कि नागौर में RLP की बढ़ती राजनीतिक ताकत और कांग्रेस-बीजेपी के सियासी समीकरणों की परीक्षा भी था.
19 सदस्यों के दम पर चुनाव मैदान में उतरी RLP ने तीन अतिरिक्त वोट हासिल कर बहुमत का आंकड़ा पार किया और जिला प्रमुख की कुर्सी अपने नाम कर ली.इस जीत ने नागौर की राजनीति में नए समीकरणों के संकेत दे दिए हैं.वहीं कांग्रेस और बीजेपी के लिए भी यह चुनाव कई सवाल छोड़ गया है.आखिर उनके निर्वाचित सदस्यों में किसने क्रॉस वोटिंग की.? तीन अतिरिक्त वोटों का राज क्या है.