प्रतीकात्मक फोटो

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में 22 गोदाम से बी-2 बाइपास तक सड़क चौड़ीकरण की कवायद के बीच अब रेलवे की जमीन भी जांच के दायरे में आ गई है. यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने रेलवे भूमि से जुड़े पुराने रिकॉर्ड खंगालने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत वर्ष 1925 के रियासतकालीन और 1952 से 1955 के सेटलमेंट रिकॉर्ड की जांच कर मौके की वर्तमान स्थिति से मिलान किया जाएगा.
यदि रेलवे आवंटित जमीन से अधिक क्षेत्र पर काबिज पाया जाता है तो नोटिस जारी किए जाएंगे. इसके साथ ही रेलवे के दस्तावेजों और आपत्तियों की भी विधिक जांच की जाएगी. वहीं, सड़क की सीमा में आ रहे निर्माणों पर लाल निशान लगाए गए हैं.
तीन हिस्सों में निर्धारित है सड़क की चौड़ाई
जोनल प्लान के मुताबिक 22 गोदाम से महेश नगर फाटक तक सड़क की चौड़ाई 40 फीट, महेश नगर फाटक से गोपालपुरा बाइपास पुलिया तक 60 फीट और गोपालपुरा बाइपास पुलिया से बी-2 बाइपास तक 80 फीट निर्धारित है. हालांकि, मास्टर प्लान में यह सड़क 100 फीट चौड़ी प्रस्तावित है.
टोंक रोड पर घटेगा यातायात का दबाव:
रेलवे की जमीन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा. सड़क चौड़ीकरण से 22 गोदाम और बी-2 बाइपास के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. साथ ही टोंक रोड पर यातायात का दबाव कम करने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी.