पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या, सचिन पायलट बोले-दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए

पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या, सचिन पायलट बोले-दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए

जयपुर: पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या कर दी गई. इस घटना पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि खनन विवाद के चलते पूर्व विधायक की लाठी-पत्थरों से हत्या किए जाने की खबर बेहद चिंताजनक है. यह घटना प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है. इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना का पोस्टमार्टम शुरू हुआ. परिजनों से शिनाख्त प्रक्रिया करवाने के बाद पोस्टमार्टम किया जा रहा है. इस दौरान कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा SMS अस्पताल पहुंचे. हरिमोहन शर्मा ने घटना को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस विवाद और परिस्थितियों की जानकारी पुलिस को पहले से थी.

इसके बावजूद समय रहते उचित सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए. पुलिस चाहती तो संभावित घटना को टाल सकती थी और  उपद्रव करने वाले लोगों को पहले ही हिरासत में ले सकती थी. लेकिन पुलिस ने अपने कर्तव्य का निर्वहन नहीं किया. एक जांबाज नेता को बेरहमी से अपनी जान गंवानी पड़ी,जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. राजस्थान में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है.

पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. पुलिस मुख्यालय ने भरतपुर रेंज IG से पूरी रिपोर्ट मांगी है. आईजी को घटनास्थल पर जाने के भी निर्देश दिए हैं. आज ही भरतपुर रेंज आईजी पुलिस मुख्यालय को अपनी रिपोर्ट भेजेंगी. इसके बाद PHQ आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला लेगा.आपको बता दे कि जानलेवा हमले में घायल भड़ाना को रविवार देर रात SMS अस्पताल लाया गया था. लेकिन गंभीर हालत में SMS अस्पताल लाते समय रास्ते में ही दम टूट गया. वैर के पास की घटना बताई जा रही है. जहां 70-80 लोगों ने क्रशर प्लांट पर मौजूद भड़ाना पर हमला किया.