नई दिल्ली: दिवाली पर देशभर में आगजनी की घटनाओं से हड़कंप मचा. दिवाली पर दिल्ली से मुंबई और कश्मीर तक आगजनी की कई घटनाएं सामने आयी. दिल्ली, गाजियाबाद, जम्मू-कश्मीर, पटना और सिक्किम में आग का तांडव देखने को मिला. फैक्ट्री, गोदाम, कबाड़ की दुकान और पुराने अस्पताल परिसर में आग लगी.
जम्मू के वेयरहाउस में आग लगने से हड़कंप मच गया. मुंबई के ठाणे में रहेजा गार्डन रिहायशी परिसर में आग लगी. बिल्डिंग की 8वीं, 9वीं और 10वीं मंजिल तक आग की लपटें पहुंच गईं. गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में नोवा बोल्ट प्लास्टिक कंपनी में भीषण आग लगी. प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने का कच्चा माल और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई.
आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, आसमान में काले धुएं का गुबार छाया. आग बुझाने के लिए एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. प्लास्टिक सामग्री अधिक होने से आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को मशक्कत हुई. कई जगह शॉर्ट सर्किट तो कहीं पटाखों की चिंगारी से आग लगने की आशंका रही. कई शहरों में घंटों तक आग बुझाने में दमकल की टीमें जुटी रहीं. आगजनी की घटनाओं से लोगों में दहशत, पुलिस और दमकल विभाग अलर्ट दिखा. फिलहाल कई घटनाओं में आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं.