कोटा के लिए ऐतिहासिक दिन- चम्बल रिवरफ्रंट की सौगात, विधानसभा अध्यक्ष ने किया उद्घाटन

जयपुर:  हैरिटेज चम्बल रिवर फ्रंट का समारोहपूर्वक उद्घाटन मंगलवार को राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने किया. उन्होंने नयापुरा बावड़ी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चारण, राजस्थानी संगीत की धुनों, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कर कोटावासियों को सौगात दी. समारोह में स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल, शिक्षा मंत्री डॉ. बीड़ी कल्ला, चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा सहित मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न बोर्ड निगमों के अध्यक्ष, विधायकगण सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

डॉ. जोशी ने राज्य सरकार के मंत्रियों और विधायकों के साथ फव्वारा घाट एवं कनक महल का भ्रमण, फाउंटेन शो, वृन्दावन गार्डन दशावतार भ्रमण किया. हाड़ौती घाट पर पन्नाधाय और हाड़ी रानी को श्रद्धांजलि अर्पित की. यहां 84 खम्बों की छतरी भी देखी. विश्वमैत्री घाट पर अतिथियों ने विश्व के प्रमुख देशों के स्मारकों के सामने राष्ट्रीय ध्वजों के साथ भारतीय तिरंगे का ध्वजारोहण किया. विश्व के सभी देशों के महापुरूषों के मुखोटों के साथ तैयार किए गए ग्लोब के सामने सामूहिक फोटोशूट भी हुआ. विश्वमैत्री घाट पर वसुधैव कुटुम्बकम्ब का संदेश दिया गया है, यहां सेना के बैगपाइपर बैंड द्वारा राष्ट्रीय धुन का बैंडवादन किया गया.

इन घाटों पर गए अतिथि-
चम्बल माता घाट - वृंदावन गार्डन की तर्ज पर चम्बल माता घाट मय गार्डन विकसित किया गया है जिसमें खूबसूरत म्यूजिकल फाउण्टेन का निर्माण किया गया है. घाट पर 42 मीटर ऊंची वियतनाम मार्बल से निर्मित चम्बल माता की मूर्ति सुशोभित है. इसमें मुकुट महल भी जिसमें रिवर फ्रंट का विशाल मॉडल, संग्रहालय एवं व्यू पॉईंटस का निर्माण किया गया है.

गणेश पोल - इसमें दो विशालकाय महराबों पर गणेश जी की मूर्ति स्थापित की गई है. फसाड़ को आगरा फोर्ट की तर्ज पर विकसित किया गया है, इसमें वीआईपी लाउंज बनाया गया है.

मरू घाट - इस घाट पर गन मेटल की छः ऊंटों की प्रतिमाओ को लगाया गया है. घाट व फसाड़ वॉल के बीच वीआईपी टेन्ट सिटी विकसित की गई है.

जंतर-मंतर घाट - इस घाट पर जोडिएक टॉवर का निर्माण किया गया है, जिसमें 12 राशि चक्रो सहित सूर्य यंत्र एवं राशि यंत्र का निर्माण किया गया है. फसाड़ पर विश्व प्रसिद्ध जयपुर की ब्ल्यू पॉट्री वर्क एवं ठीकरी कार्य किया गया है.

विश्व मैत्री घाट - इस घाट पर विशाल बैंक्वेट हॉल का निर्माण किया गया है, इसमें 10 मीटर व्यास के ग्लोब में सम्पूर्ण विश्व समाहित है. इसमें जी-20 देशों के झंडे स्थापित हैं. इस घाट की थीम वन वर्ल्ड वन ड्रीम पर आधारित है. इसके फसाड़ में 9 विश्व प्रसिद्ध इमारतों की प्रतिकृति बनाई गई हैं, वहां पर सम्बन्धित देशों के व्यजंनों का लुत्फ लिया जा सकेगा.