माउंट माउंगानुईः भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी एवं निर्णायक मुकाबला रविवार को खेला गया. माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 22 रनों से हराकर सीरीज पर 3-1 से कब्जा कर लिया. भारत ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 210 रनों का लक्ष्य दिया था. जवाब में मेजबान टीम 48.1 ओवर में 187 रनों पर सिमट गई.
टीम इंडिया ने ऑकलैंड और वेलिंगटन में खेले गए शुरुआती दोनों मुकाबलों में जीत हासिल की थी. वहीं हेमिल्टन में खेला गया तीसरा मुकाबला बारिश के चलते बेनतीजा रहा था. इसके बाद न्यूजीलैंड ने बे ओवल में खेले गए चौथे वनडे में भारत को 244 रनों से हराया था. अब भारतीय टीम ने आखिरी मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए सीरीज अपने नाम कर ली.
न्यूजीलैंड की खराब रही शुरुआत:
210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. छठे ओवर में मोहम्मद सिराज ने टिम सीफर्ट (14 रन) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद विल यंग और निक केली ने दूसरे विकेट के लिए 38 रनों की साझेदारी की. अर्शदीप सिंह ने विल यंग (22 रन) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. इसके बाद अर्शदीप ने निक केली (24 रन) को भी बोल्ड कर दिया.
भारतीय गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन:
दूसरे स्पेल में गेंदबाजी करने आए मोहम्मद सिराज ने फिन एलन (1 रन) को आउट कर न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दिया. एलन के आउट होने के समय न्यूजीलैंड का स्कोर 83 रन पर चार विकेट था. इसके बाद मेजबान टीम ने लगातार दो विकेट गंवा दिए. आकिब नबी ने माइकल ब्रेसवेल (19 रन) को आउट किया, जबकि यश ठाकुर ने डीन फॉक्सक्रॉफ्ट (31 रन) को अपना पहला वनडे विकेट बनाया. न्यूजीलैंड ने 119 रनों के स्कोर पर ही अपने पांचवें और छठे विकेट गंवा दिए. भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के आगे न्यूजीलैंड की पूरी टीम 187 रनों पर ढेर हो गई. इसके साथ ही भारत ने 22 रनों से मुकाबला जीतकर वनडे सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली.