नई दिल्लीः भारतीय रेल सफर ही नहीं बल्कि लोगों के लिए एक नया जरिया बनने जा रही है. जिसमें सफर के साथ शूटिंग का आनंद ले सकते है. रेलवे अब नया प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन बनने जा रहा है. जहां लोगों की यादें भी बनेंगी. अब रेलवे की बोगी आपकी प्री-वेडिंग स्टूडियो बनेगी.
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने अनोखी प्री-वेडिंग शूट सुविधा शुरू की है. NCRTC की पहल के तहत अब दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलने वाली नमो भारत ट्रेनें, उनके स्टेशन आम लोगों के व्यक्तिगत प्रोग्राम के लिए बुक किए जा सकेंगे. जन्मदिन पार्टी, प्री-वेडिंग फोटोशूट और छोटे समारोहों के लिए बुक किए जा सकेंगे. नई नीति के अनुसार, व्यक्ति, इवेंट आयोजक और फोटोग्राफी या मीडिया कंपनियां चलती या रुकी हुई नमो भारत ट्रेन के कोच बुक कर सकती हैं.
5,000 रुपये प्रति घंटेः
दुहाई डिपो में एक मॉक-अप कोच भी रखा गया है, जिसे सिर्फ शूटिंग के लिए बुक किया जा सकता है. नमो भारत ट्रेन को ऐसे आयोजनों के लिए 5,000 रुपये प्रति घंटे से बुक किया जा सकता है. इसके अलावा, 30 मिनट सजावट लगाने और 30 मिनट उतारने के लिए अलग से दिए जाएंगे. NCRTC के अनुसार, यह सेवा लोगों को एक खास अनुभव देगी. क्योंकि नमो भारत ट्रेनें आधुनिक डिजाइन वाली हैं और फोटोशूट व छोटे कार्यक्रमों के लिए बहुत अच्छी दिखती हैं
सबसे दिलचस्प बात यह है कि लोग अपनी पसंद की साधारण सजावट भी कर सकते हैं. NCRTC ने कहा कि ये कार्यक्रम सुबह 6 बजे से रात 11 बजे के बीच ही किए जा सकेंगे. ट्रेन का नियमित संचालन प्रभावित न होने के साथ यात्रियों को परेशानी न हो इसका भी ध्यान रखना होगा. पूरा आयोजन NCRTC के कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में होगा. यह सुविधा मुख्य रूप से आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ दक्षिण जैसे बड़े स्टेशनों पर उपलब्ध होगी.