कोलकाताः संतुलन और संस्कार का राष्ट्रीय उत्सव अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज देशभर में मनाया जा रहा है. देश सुबह की पहली किरण के साथ योगमय हुआ, हर ओर फिटनेस का उत्साह देखने को मिल रहा है. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देशभर में विशेष कार्यक्रम और जनभागीदारी अभियान आयोजित किए जा रहे है. कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में पीएम मोदी शामिल हुए.
हजारों योग प्रेमियों के साथ 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' का पीएम मोदी ने नेतृत्व किया. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन एतिहासिक, आज पूरा विश्व एकजुट नजर आ रहा है. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल भारत का नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समुदाय के स्वास्थ्य, संतुलन और एकता का पर्व बन चुका है. योग दिवस के अवसर पर बंगाल की धरती पर उपस्थित होना उनके लिए विशेष महत्व रखता है.
यही वह भूमि है, जहां से स्वामी विवेकानंद ने विश्व को योग और भारतीय दर्शन का संदेश दिया. पीएम मोदी ने महर्षि अरविंद, लाहिड़ी महाशय और गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर को याद करते हुए कहा कि बंगाल की इस पवित्र धरती ने योग, अध्यात्म और मानवता को नई दिशा दी है. आज पूरा देश योग की ऊर्जा से सराबोर दिखाई दे रहा है. भारत में हिमालय से हिंद महासागर तक, पूर्वोत्तर और बंगाल से लेकर पश्चिम में सौराष्ट्र तक पूरा देश योग की ऊर्जा से भरा नजर आता है. योग आज भारत की सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है. पीएम ने आमजन से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और
स्वस्थ, संतुलित तथा जागरूक समाज के निर्माण में इसकी भूमिका को समझने का आह्वान किया.