जयपुरः मीनाक्षी नटराजन के नामांकन खारिज के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन जारी है. दिल्ली से लेकर राज्यों में कांग्रेस अभी भी इस मामले को लेकर विरोध कर रही है. राजधानी जयपुर में भी इसको लेकर शहीद स्मारक पर लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह आय़ोजित किया गया. जिसमें पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कईं नेता शामिल हुए.
राहुल गांधी की बेहदी करीबी नेता मीनाक्षी नटराजन का मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव में नामांकन खारिज करने के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है. कांग्रेस इस घटनाक्रम को लगातार तूल देते हुए देशभर में धरना प्रदर्शन कर रही है. दरअसल कांग्रेस रणनीतिकार इस एपिसोड को अब लोकतंत्र और संविधान विरोधी कृत्य करार देते हुए इसको सियासी मुद्दा बनाने में जुट गए है. नामांकन खारिज करने के प्रकरण का विरोध करते हुए लोगों की सहानुभूति अब कांग्रेस बटोरना चाहती है. लिहाजा इसके खिलाफ जयपुर में शहीद स्मारक पर लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह आयोजित किया गया. रामधुनी के साथ कईं घंटे तक कांग्रेस नेताओं ने वहां धरना दिया. राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बैनर तले हुए सत्याग्रह में नेताओं ने जमकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला. संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पंवार ने कहा कि पहले वोट चोरी हो रहे है थे लेकिन अब तो खुलेआम सीट को ही चोरी कर लिया.
सत्याग्रह में पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा,नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली औऱ पूर्व स्पीकर सीपी जोशी सहित कईं नेताओं ने शिरकत की. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोविंद डोटासरा ने कहा कि देश में आज हालात बेहद खराब है. इसलिए हम सबको मिलकर लोकतंत्र औऱ संविधान बचाने की लंबी लड़ाई लड़नी होगी. वहीं जूली ने कहा कि सरकार हर वो काम कर रही है जो संविधान औऱ लोकतंत्र विरोधी है. दूसरे दलों के सांसदों को तोड़ा जा रहा है. अब इनकी तैयारी अपनी मर्जी से फिर से परिसीमन बिल को लाना है.
मीनाक्षी नटराजन के नामांकन खारिज करने और अन्य दलों के सांसदों को तोड़ने के घटनाक्रम के बीच कांग्रेस अब फिर से संविधान बदलने वाले नैरेटिव को बनाने में जुट गई है. 2024 लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ने इस मुद्दे को खूब हवा दी थी. ऐसे में जल्द कांग्रेस अब इस मुद्दे पर एक बार फिर लौटते हुए नए सिरे से आंदोलन शुरु करने का भी प्लान बना रही है.
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज करने का मामला
कांग्रेस ने शहीद स्मारक पर किया सत्याग्रह
लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह में गोविंद डोटासरा औऱ टीकाराम जूली हुए शामिल
कांग्रेस फिर से संविधान बदलने वाले नैरेटिव पर लौटने लगी
आने वाले दिनों में संविधान बचाओ मुद्दे पर कांग्रेस फिर करेगी लड़ाई शुरु