जयपुर: दीपावली पर घर बैठे काजू-बादाम मंगवाना एक शख्स को इतना महंगा पड़ गया कि अब वह थाने के चक्कर लगा रहा है. मामला जयपुर के जवाहर सर्किल थाना इलाके का है, जहां एक व्यक्ति ने ऑनलाइन 4 हजार रुपए के ड्राई फ्रूट्स का ऑर्डर दिया था. लेकिन ड्राई फ्रूट्स तो घर पहुंचे नहीं, उल्टा उसके बैंक खाते से 3 लाख 29 हजार रुपए निकल गए. त्योहार पर काजू-बादाम का स्वाद लेने की उम्मीद लगाए बैठे शख्स के उस वक्त होश उड़ गए, जब उसे खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने का पता चला. इसके बाद पीड़ित ने जवाहर सर्किल थाने पहुंचकर पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई.
पुलिस अधिकारी भी बोले- भैया, दो कदम चलकर दुकान से ही ले आते! :
पीड़ित की आपबीती सुनकर एक बार तो पुलिस अधिकारी ने भी कह दिया, 'भैया, दो कदम चलकर दुकान से ही ले आते काजू-बादाम.' हालांकि, पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
ऑनलाइन खरीदारी में बरतें सावधानी:
दीपावली जैसे त्योहारों पर ऑनलाइन खरीदारी के दौरान साइबर ठगी का खतरा भी बढ़ जाता है. ऐसे में अनजान Website, संदिग्ध लिंक और लुभावने ऑफर्स से सावधान रहने की जरूरत है. किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, OTP या UPI पिन साझा नहीं करें. जयपुर की यह घटना उन लोगों के लिए भी एक सबक है, जो घर बैठे खरीदारी की सुविधा के चक्कर में बिना जांच-पड़ताल किए Online Order कर देते हैं.